Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कपिल परमार ने राजनीति में आने की अटकलों पर लगाया विराम, बोले- मेरा फोकस सिर्फ खेल और देश का नाम रोशन करना

सीहोर। पैरा-जूडो में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित और पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाले खिलाड़ी कपिल परमार ने सोशल मीडिया पर चल रही उन भ्रामक खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह जल्द ही राजनीति में शामिल हो सकते हैं। परमार ने स्पष्ट किया कि उनका एकमात्र उद्देश्य खेल के माध्यम से देश का नाम रोशन करना है न कि राजनीति।
बता दें सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स खासकर फेसबुक और वॉट्सएप पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि कपिल परमार भी एवरेस्ट विजेता मेघा परमार की तरह कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। ये कयास तब लगाए जाने लगे जब उनकी एक तस्वीर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ वायरल हुई थी। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कपिल परमार ने स्वयं बयान जारी किया। उन्होंने कहा आप सभी ने सोशल मीडिया पर जो खबर देखी है, जिसमें बताया जा रहा है कि मैं भी एवरेस्ट विजेता मेघा परमार की तरह कांग्रेस का हाथ थामूंगा, तो मैं आपको बता दूं कि मेरा मकसद राजनीति नहीं, बल्कि खेल में देश का नाम रोशन करना है। कपिल ने कहा कि फिलहाल मेरा पूरा फोकस खेल पर है। यह भ्रामक खबरें सभी झूठी हैं। मैं एक खिलाड़ी हूं और आगे तक खेलना चाहता हूं।
अगला लक्ष्य, जापान एशियन गेम्स 2026
कपिल परमार ने साफ किया कि उनका सारा ध्यान आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर केंद्रित है। उन्होंने अपना अगला लक्ष्य बताते हुए कहा मेरा अगला लक्ष्य 2026 में जापान में होने वाले एशियन गेम्स है। मेरा पूरा फोकस उसी पर है।
कपिल की उपलब्धियों का सफर
बता जिला मुख्यालय पर रहने वाले कपिल परमार जे1 श्रेणी के पैरा-जूडो खिलाड़ी हैं। भारत के लिए पैरा-जूडो में पहले पैरालंपिक पदक विजेता हैं। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक खेल 2024 में भारत का पहला पैरालंपिक जूडो पदक जीता था। इसी तरह एशियाई पैरा खेल 2022 हांग्जो में रजत पदक, आईबीएसए जूडो ग्रांड प्रिक्स 2023 मिस्र में स्वर्ण पदक, आईबीएसए विश्व खेल 2023 यूके में कांस्य पदक, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप 2019 में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। भारत सरकार द्वारा उन्हें 2024 के प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 17 जनवरी 2025 को प्रदान किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button