Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

लघु उद्योग भारती का गठन, प्रांजल अध्यक्ष तो सुनील बने महामंत्री, अब जिले के उद्यमियों को मिलेगी नई मजबूती

सीहोर। देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की आवाज बनने वाला प्रमुख संगठन लघु उद्योग भारती अब सीहोर जिले में भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को आयोजित समारोह के दौरान सीहोर जिला इकाई की नई कार्यकारिणी का आधिकारिक ऐलान किया गया, जिसमें युवा उद्यमी प्रांजल रल्हन को जिला अध्यक्ष और सुनील मालवीय को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस गठन के साथ ही मध्य प्रदेश के सभी जिलों में लघु उद्योग भारती की इकाइयों की श्रृंखला पूरी हो गई है।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि लघु उद्योग भारती उद्यमियों और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु की तरह कार्य करती है। उन्होंने कहा यह देश का एकमात्र ऐसा संगठन है जो उद्यमियों के बीच रहकर उनके हितों की आवाज उठाता है। इसका मुख्य ध्येय युवाओं को नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करना और जो उद्योग पहले से संचालित हैं, उनके मार्ग में आने वाली कठिनाइयों को दूर कर उनके अनुकूल व्यावसायिक वातावरण तैयार करना है।
प्रांजल बने अध्यक्ष और सुनील महामंत्री
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने विचार-विमर्श के बाद जिला इकाई की नई कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की। इसमें युवा उद्यमी प्रांजल रल्हन को सीहोर जिला इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि सुनील मालवीय को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी के रूप में उपाध्यक्ष घनश्याम मेवाड़ा एवं अशोक गौर, सह सचिव विजय सेन, कोषाध्यक्ष मनीष भट्टर, कार्यकारिणी सदस्य में हिरदेश गौरए राजू राठौर और राकेश परिहार शामिल हैं।
प्रदेश के सभी जिलों में पूरी हुई इकाइयों की श्रृंखला
कार्यक्रम में उपस्थित मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष सोबरन सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सीहोर जिला इकाई के गठन के साथ ही अब मध्य प्रदेश के सभी जिलों में लघु उद्योग भारती की इकाइयां गठित हो चुकी हैं। उन्होंने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उद्यमी बंधु हर क्षेत्र की चुनौतियों का डटकर सामना करें और अपनी उद्यमिता के बल पर देश को विकास के शिखर पर ले जाने का संकल्प लेकर कार्य करें। लघु उद्योग भारती के सीहोर जिला संयोजक नवीन सोनी ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।
इस गठन समारोह में उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दांते, सीहोर नगर के संघचालक भारत सोनी, सुरेश गुप्ता, उमा शर्मा, प्रतिभा शुक्ला, रश्मि गुर्जर, शुभा कामऋषि, प्रियंका शर्मा, विनोद नायर, अरुशेंद्र शर्मा, चेतन साहू, गौरव सोडानी, प्रदीप मिश्रा, ईश अरोड़ा, आशीष शर्मा, नीरज शर्मा, राकेश अवस्थी, देवेन्द्र श्रीवास्तव, विनीता झा, हरीश जांगिड़ और नितिन कामऋषि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन दिनेश गुप्ता ने किया, जबकि मंच संचालन का दायित्व सोनल श्रीवास्तव ने निभाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button