कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ढाई लाख रुपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
गंज स्थित मकान से पकड़ाया आरोपी, 12 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा जब्त

सीहोर। अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गंज इलाके में दबिश देकर एक बुजुर्ग आरोपी के पास से करीब 12 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज क्षेत्र के वंशकार मोहल्ला निवासी ताराचंद राठौर अपने मकान में गांजे की छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम गठित कर तुरंत मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने मौके से ताराचंद राठौर पिता स्व. लालचंद राठौर निवासी कोली मोहल्ला गंज को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के पास से अवैध मादक पदार्थ मिलने पर पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस थाने लाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
बता दें यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशों के पालन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली रवीन्द्र यादव और उनकी टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।



