Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मारवाड़ी महिला मंडल ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई अनूठी दीपावली, मिठाई और उपहार बांटकर बांटी खुशियां

सीहोर। दीपावली का पर्व सिर्फ दीये जलाने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों की रोशनी फैलाने का नाम है। इसी सच्ची भावना को चरितार्थ करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल ने सीहोर के कोलीपुरा के समीप वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वसुंधरा विशेष विद्यालय पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। महिला मंडल की अध्यक्ष मंजू शैलेष अग्रवाल और अन्य सदस्यों ने बच्चों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
इस कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण वसुंधरा विशेष विद्यालय के दिव्यांग बच्चों की रचनात्मक कला रही। इन बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और हुनर से मिट्टी के बेहद आकर्षक और सुंदर दीपक तैयार किए हैं। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों की इस कलात्मक प्रतिभा की जमकर सराहना की और उनके द्वारा बनाए गए दीपकों की खरीदारी की। महिला मंडल ने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत से दीपकों को बहुत ही सुंदर रूप दिया है। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे इस दीपावली पर इन विशेष बच्चों द्वारा तैयार किए गए दीपक ही अपने घरों और दुकानों में लगाएं, ताकि उनके छोटे से सहयोग से इन बच्चों का आत्मविश्वास और बढ़ सके।
लगेगा विशेष दीपकों का स्टॉल
वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के संचालक अर्जुन मेवाड़ा ने जानकारी दी कि इस दीपावली पर आस्था और सामाजिक सरोकार को जोड़ते हुए विद्यालय के बच्चों की कला को मंच देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके जरिए शहर के लोग सीधे इन बच्चों के बनाए दीपक खरीदकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में यह विश्वास जगाना है कि समाज उनकी प्रतिभा का सम्मान करता है।
महिला मंडल का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों ने अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल की सभी महिलाओं का स्वागत किया और उन्हें भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल की अध्यक्ष मंजू शैलेष अग्रवाल के साथ-साथ विनीत सोनी, सरोज सोनी, किरण सोनी, राजू पालीवाल, शशि विजयवर्गीय, मंजू भरतिया, प्रेमलता रुठिया, ज्योति सोनी और मोनिका चौरसिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button