साढ़े आठ किलो गांजे के साथ मां-बेटा गिरफ्तार

सीहोर। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों के भंडारण व क्रय-विक्रय के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत शाहगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गांजा जप्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशन एवं एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में शाहगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
पुलस के अनुसार 14 मई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदिरा कॉलोनी शाहगंज की रहने वाली किरण कुचबंदिया नामक महिला अवैध रूप से गांजे की पुडिय़ा बनाकर बेच रही है और इस समय उसके पास भारी मात्रा में गांजे का स्टॉक मौजूद है। सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक विशेष टीम का गठन किया और मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी में मिला 8 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस टीम ने जब संदेही किरण कुचबंदिया के ठिकाने की तलाशी ली तो वहां से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा वजन कराने पर जप्त गांजे का कुल वजन 8 किलो 459 ग्राम पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने पर पुलिस ने मौके की समस्त कानूनी औपचारिकताओं और एनडीपीएस एक्ट के कड़े प्रावधानों का पालन करते हुए गांजे को जप्त कर लिया।
मां और बेटा पुलिस कस्टडी में
अवैध मादक पदार्थ के भंडारण और बिक्री के आरोप में पुलिस ने महिला और उसके 18 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में किरण कुचबंदिया 58 वर्ष पति चंदालाल कुचबंदिया निवासी इंदिरा कॉलोनीए शाहगंज और अजय कुचबंदिया 18 वर्ष पिता चंदालाल कुचबंदिया निवासी इंदिरा कॉलोनी शाहगंज शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में ले लिया है।
सप्लाई चेन का पता लगा रही पुलिस
थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा शाहगंज में कहां से सप्लाई किया जा रहा था। इस अवैध नशे के कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और मुख्य सप्लायरों का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की सघन विवेचना कर रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। इस सफल कार्रवाई में शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, उप निरीक्षक मनोज मालवीय, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह, आरक्षक दिनेश गठोले, आरक्षक हर्षित मालवीय, आरक्षक राकेश ठाकुर, महिला प्रधान आरक्षक उर्मिला सूर्यवंशी और महिला आरक्षक दीपिका की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।



