
सीहोर। नगर के समग्र विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर पालिका परिषद की प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कुल 20 अहम प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि किसी भी नगर के विकास की आधारशिला वहां की मजबूत सडक़ें और सुव्यवस्थित नालियां होती हैं। इनके बिना नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर और मूलभूत सुविधाएं देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए विशेष योजना के तहत नालियों का निर्माण और मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
इन कार्यों को मिली स्वीकृति
वार्ड क्रमांक 15: नागरिकों की सुविधा के लिए लगभग 30.56 लाख रुपये की लागत से एक भव्य सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई।
वार्ड क्रमांक 17: राजविहार कॉलोनी के सामने मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य के लिए लगभग 23.05 लाख रुपये के पुनरीक्षित प्राक्कलन को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई।
वार्ड क्रमांक 19: मोदी जी के घर से सोनी जी के घर तक सीसी सडक़ निर्माण के लिए लगभग 13.59 लाख रुपये के प्राक्कलन को स्वीकृति दी गई।
वार्ड क्रमांक 2: ब्रह्मपुरी कॉलोनी की आंतरिक गलियों में पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य के लिए 11.66 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
वार्ड क्रमांक 19: वाल्मीकि नगर क्षेत्र की आंतरिक गलियों में नाली और पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए लगभग 11.04 लाख रुपये के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखाई गई।
वार्ड क्रमांक 18: लेबर कॉलोनी कंट्रोल की दुकान से सतीश के घर होते हुए मुख्य मार्ग तक सीसी सडक़ निर्माण के लिए लगभग 10.22 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर सहमति बनी।
एमपीईबी चौराहे पर स्थापित होगी महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा
शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करने के लिए बैठक में एक बड़ा निर्णय लिया गया। इसके तहत शहर के एमपीईबी चौराहे के समीप वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की भव्य प्रतिमा स्थापना कार्य की निविदा को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद जनभावनाओं के अनुरूप काम कर रही है। इन स्वीकृतियों से विभिन्न वार्डों में आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। परिषद सीहोर को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, पीआईसी सदस्य व सभापति राजेश मांझी, मुकेश मेवाड़ा, नरेंद्र राजपूत, कमलेश राठौर, सविता अर्जुन राठौर, संतोष शाक्य, अजयपाल सिंह राजपूत सहित नगर पालिका के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।