अब घर बैठे होंगे नपा से जुड़े काम, नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर बोले- बिना सिफारिश और बिना देरी के होगा हर काम

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए शहर के बड़ा बाजार से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। दोपहर 2 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधि, नपा कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को सीधे जनता के दरवाजे तक पहुंचाना है। अब आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अनबन नहींए देरी नहीं, दूरी नहीं… मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, अब सरकार हमारे द्वार के मूल मंत्र के साथ इस अभियान को शुरू किया गया है, जो सरकार और जनता के बीच के विश्वास को और मजबूत बनाएगा।
इन सेवाओं का तुरंत मिलेगा लाभ
अभियान के तहत नगर पालिका से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और दैनिक सेवाओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, जिसमें नामांतरण और भवन कर से जुड़ी फाइलें अब अनावश्यक रूप से नहीं अटकेंगी। ई केवाईसी और समग्र आईडी अपडेट का काम बिना किसी झंझट के तुरंत किया जाएगा। कुटीर उद्योगों एवं स्थानीय व्यापारियों को एनओसी और आवश्यक स्वीकृतियां सुपरफास्ट प्रक्रिया के तहत दी जाएंगी, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना और नए नल कनेक्शन के लंबित आवेदनों का निपटारा कर पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ दिया जाएगा।
नपा अध्यक्ष की अपील, उठाएं अभियान का लाभ
प्रिंस राठौर ने शहर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में सहभागिता कर अपने लंबित पड़े कामों का जल्द से जल्द समाधान कराएं। उन्होंने दोहराया कि नगर पालिका क्षेत्र में हर नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और बिना किसी सिफारिश के सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना ही उनका प्राथमिक लक्ष्य है।

Exit mobile version