
सीहोर। जनता का दर्द सुना, अधिकारी को मंच पर बुलाया और काम ऑन द स्पॉट खत्म… शाहगंज में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के मंच पर एक बार फिर केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान का वही जाना-पहचाना जन-नेता वाला तेवर देखने को मिला। मंच पर हितग्राहियों ने अपनी परेशानी बताई नहीं कि शिवराज ने तुरंत संबंधित विभाग के अफसर को माइक के सामने तलब कर लिया। शिकायतों का फैसला चंद मिनटों में मंच से ही हो गया। जन-सुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि शासकीय योजनाओं का लाभ पाना पात्र नागरिकों का अधिकार है, इसलिए किसी भी नागरिक को दफ्तरों के चक्कर काटने पर मजबूर न किया जाए।
बता दें शाहगंज में आयोजित जन विश्वास अभियान कार्यक्रम के दौरान केन्द्रित मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता से सुना। जैसे ही ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं, केंद्रीय मंत्री ने बिना कोई समय गंवाए अफसरों को तुरंत मंच पर तलब कर लिया और वहीं पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच के भरोसे को मजबूत करने की एक अनूठी पहल है। मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी खुद चलकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं ताकि समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
हितग्राहियों से जाना हाल, बांटे स्वीकृति पत्र
शिवराज सिंह चौहान ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों से सीधी चर्चा कर फीडबैक भी लिया। इस दौरान शारदा अहिरवार ने बताया कि पीएम मुद्रा योजना से पहले 10 हजार और फिर 25 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू किया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के तहत उनका लोन पास हो चुका है। जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि पीएम आवास योजना की सभी किश्तें मिलने के बाद उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो चुका है। केंद्रीय मंत्री ने सभी को बधाई देते हुए कई हितग्राहियों को मौके पर ही स्वीकृति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम को बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।
शिविर में लगे स्टॉल, आए 68 आवेदन
नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और ऑन द स्पॉट लाभ देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। शिविर के दौरान कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर प्रशासनिक टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव, जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एसपी सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, सीएमओ रामानुज मिश्रा, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।