Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

जनभागीदारी की कथित फर्जी भर्तियों के खिलाफ एनएसयूआई का अनशन दूसरे दिन भी जारी

सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कॉलेज में जनभागीदारी समिति के माध्यम से हुई कथित फर्जी और नियमविरुद्ध नियुक्तियों को लेकर छात्र संगठन का विरोध-प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा शुरू किया गया अनशन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यश यादव अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं। इस दौरान अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र-छात्राओं और संगठन के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन और जनभागीदारी समिति की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एनएसयूआई की प्रमुख मांगें
– जनभागीदारी के माध्यम से नियमों को ताक पर रखकर की गई सभी कथित फर्जी और नियमविरुद्ध भर्तियों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।
– जनभागीदारी निधि से इन नियुक्तियों पर खर्च की गई राशि और मद में हुई कथित वित्तीय गड़बडिय़ों व धांधली की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
– जांच में यदि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता प्रमाणित होती है तो दोषियों से उस राशि की रिकवरी कर उसे पुन: जनभागीदारी के सरकारी खाते में जमा कराया जाए।
छात्रों के हक की लड़ाई, पीछे नहीं हटेंगे
अनशन स्थल पर छात्रों को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया ने कहा कि जनभागीदारी निधि का उपयोग कॉलेज के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए होना चाहिए, लेकिन यहां नियम-कायदों को दरकिनार कर चहेतों को रेवडिय़ों की तरह नौकरियां बांटी गईं और वित्तीय धांधली की गई। सिसोदिया ने चेतावनी देते हुए कहा यह सीधे तौर पर आम छात्रों के हक और अधिकार पर डाका है। एनएसयूआई इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। जब तक हमारी मांगों पर शासन और प्रशासन की ओर से कोई उचित और लिखित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक हमारा अनशन और सत्याग्रह पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
अनशन स्थल पर जुटी छात्र शक्ति
एनएसयूआई के इस आंदोलन को कॉलेज के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। दूसरे दिन भी धरना स्थल पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। अनशन के दौरान मुख्य रूप से देवेन्द्र ठाकुर, मनीष मेवाड़ा, यश यादव, तनिष्क त्यागी, पवन ठाकुर, विष्णु मालवीय, रुद्र वर्मा, अंकु ठाकुर, प्रमोद वर्मा, अनुभव सेन, अंकुर ठाकुर, दीपक गोस्वामी, अभिषेक प्रजापति, ईशा परिहार, नैनशी, पिंकी, जितेन्द्र परमार, अंकित कौशल, शुभम त्यागी, आकाश बनवारी, योगेन्द्र ठाकुर और अंबू नेता सहित भारी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button