Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

एसपी सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर जिले भर में गुंडों की परेड, भौतिक सत्यापन शुरू

सीहोर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने, आगामी त्योहारों पर शांति बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के सख्त निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में जिले के सभी शहरी और ग्रामीण थानों में निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध गुंडों की परेड कराई गई तथा उनका भौतिक सत्यापन किया गया।

आयोजित हुई मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी द्वारा दिए गए आदेशों के परिपालन में सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के सक्रिय, निष्क्रिय और हाल ही में जेल से छूटकर आए अपराधियों को थानों में तलब किया।
थाना रिकॉर्ड और क्राइम डोजियर हुए अपडेट
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों के वर्तमान निवास स्थान, पारिवारिक पृष्ठभूमि और आजीविका के वैध साधनों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही अपराधियों के सक्रिय मोबाइल नंबर, वाहनों के नंबर, बैंक खातों का विवरण और ताजा फोटो एकत्र कर थाना रिकॉर्ड और क्राइम डोजियर में दर्ज किए गए। पुलिस द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स और संदिग्ध संपर्कों पर नजर रखने के लिए भी पूरी जानकारी जुटाई गई है।
अवैध गतिविधियों और संपर्कों की गोपनीय जांच
अभियान के तहत पुलिस ने इस बात की गोपनीय तस्दीक की है कि ये बदमाश वर्तमान में किन लोगों के संपर्क में हैं, उनकी दैनिक दिनचर्या क्या है और क्या वे जुआ, सट्टा, अवैध शराब या मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल तो नहीं हैं। परेड के दौरान सभी अपराधियों को साफ चेतावनी दी गई कि यदि किसी ने भी गुंडागर्दी, अवैध वसूली या आम जनता को डराने-धमकाने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी।
जिला बदर और एनएसए की तैयारी
एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो बदमाश दोबारा अपराधों में लिप्त पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ धारा 110 गुंडा एक्ट, जिला बदर और आवश्यकतानुसार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत त्वरित प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर न्यायालय भेजे जाएं। इसके अलावा जमानत पर बाहर आए अपराधियों द्वारा शर्तों का उल्लंघन करने पर उनकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button