
सीहोर। जिले की रेहटी थाना पुलिस ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर कोठरा निवासी सुमेर सिंह पंवार द्वारा जहारीला पदार्थ खाकर आत्महत्या मामले में एक आरोपी बलराम पटेल को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जबकि महेंद्र पटेल, जगदीश चौहान और इंद्रकुमार प्रजापति को अग्रिम जमानत मिल गई है। एक आरोपी रामबाबू पटेल की पकड़ने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस ने कुल पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद से पांचों फरार चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को रेहटी तहसील के ग्राम कोठरा निवासी सुमेर सिंह पंवार पिता अमर सिंह पंवार उम्र 35 साल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले सुमेर सिंह ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें पांच लोगों के नाम बताए थे और इन पर जमीन बिकवाने, सूदखोरी सहित कई अन्य आरोप भी लगाए थे। इस घटना के बाद परिजनों ने रेहटी थाने का घेराव किया था। इस मामले में रेहटी थाना पुलिस ने 2 अगस्त 2026 को महेन्द्र पटेल निवासी गोंडी गुराड़िया, जगदीश चौहान निवासी रेहटी, बलराम पटेल निवासी चकल्दी, इंद्रकुमार प्रजापति निवासी चकल्दी और रामबाबू पटेल निवासी चकल्दी के विरूद्ध मर्ग क्रं 57/26 धारा 194, 108 बीएनएस एवं मप्र ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 3,4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन व रेहटी थाना प्रभारी हिमलेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इस मामले में रेहटी थाना पुलिस ने सुमेर सिंह पंवार को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले एक आरोपी बलराम चौहान उम्र 39 साल निवासी ग्राम चकल्दी थाना रेहटी जिला सीहोर को गिरफ्तार किया है एवं घटना के संबंध में पूछताछ की भी है। इसमें उसने जुर्म करना स्वीकार किया। पुलिस ने बलराम चौहान से मृतक सुमेर पंवार द्वारा दिया गया ब्लैंक चेक भी विधिवत जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। एक आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हिमलेन्द्र पटेल, उनि श्यामकुमार सूर्यवंशी, विकास नागर, योगेश कटारे, आनन्द गुर्जर, पुष्पेन्द्र जाट, अभिषेक यादव और विनोद की सराहनीय भूमिका रही।