
सीहोर। आगामी त्योहारों एवं गणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को तहसील कार्यालय बुधनी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम संजीव नागु, एसडीओपी रवि शर्मा, तहसीलदार राकेश खजूरिया, थाना प्रभारी संदीप जाट, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर अर्जुन मालवीय, गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्षगण एवं सदस्यगण सहित गणमान्य नागरिक पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। बैठक के दौरान गणेश पंडालों की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था एवं गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
समितियों को दिए यह निर्देश
– गणेश पंडाल की स्थापना निर्धारित स्थान पर की जाए
– पंडाल में आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान रखा जाए तथा सडक़-मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो।
– पंडाल में विद्युत वायरिंग एवं कनेक्शन सुरक्षित तरीके से किए जाएं तथा खुले तारों का उपयोग न किया जाए।
– पंडाल एवं आसपास की व्यवस्था में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
– पंडाल में सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने का प्रयास किया जाए।
– समिति द्वारा स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर भीड़ एवं यातायात व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया जाए।
– गणेश उत्सव के दौरान डीजे-ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं समय.सीमा के अनुरूप ही किया जाए।
– धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत, नारे, पोस्टर अथवा सामग्री का उपयोग न किया जाए।
– सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाडऩे वाली सामग्री प्रसारित न करें तथा ऐसी सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
– गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित विसर्जन स्थल का ही उपयोग किया जाए।
– विसर्जन जुलूस में यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन किया जाए तथा किसी प्रकार के हथियार या प्रतिबंधित सामग्री का प्रदर्शन न किया जाए।
– आयोजन के दौरान किसी भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
– सभी समितियां पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी समिति पदाधिकारियों से अपील की गई कि गणेश महोत्सव को शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए सम्पन्न कराएं। समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने में पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।