नर्मदा किनारे बसे शाहगंज में पुलिस की दबिश, 32 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त

सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार ने मां नर्मदा के तटों की पवित्रता बनाए रखने के लिए नर्मदा घाटों से पांच किलोमीटर के दायरे में शराब की बिक्री पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद नर्मदा किनारे बसे क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में जिले के प्रतिबंधित क्षेत्र शाहगंज में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 32 लीटर से ज्यादा अवैध शराब बरामद की है।
बता दें नर्मदा तट से लगे पांच किलोमीटर के क्षेत्र को शराब मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है, जहां किसी भी प्रकार की शराब दुकान या बिक्री की अनुमति नहीं है। हालांकि स्थानीय स्तर पर अवैध कारोबारी चोरी-छिपे इस प्रतिबंधित इलाके में शराब खपाने की कोशिशों में लगे रहते हैं।
पुलिस टीम ने दी दबिश
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसडीओपी रवि शर्मा के निर्देशन और शाहगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 12 नवंबर को शाहगंज की पुरानी बस्ती में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी रितिक यादव पिता राजू यादव निवासी पुरानी बस्ती शाहगंज को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की देशी और अंग्रेजी शराब की बोतलें तथा बीयर के केन बरामद हुए। जब्त की गई कुल शराब की मात्रा 32 लीटर 150 मिलीलीटर है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 13 हजार 630 रुपये आंकी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी शराब के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। चूंकि यह पूरा क्षेत्र नर्मदा तट के प्रतिबंधित दायरे में आता है, इसलिए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रितिक यादव के खिलाफ धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान के साथ उपनिरीक्षक मनोज कुमार मालवीय, आरक्षक प्रकाश, महिला आरक्षक दीपिका चौहान, आरक्षक दिनेश गठोले और आरक्षक प्रकाश की भूमिका रही।

Exit mobile version