
सीहोर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जिले के सभी 1,371 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची के मुताबिक पूरे जिले में कुल मतदाताओं की संख्या अब 10 लाख के पार पहुंचकर 10 लाख 05 हजार 821 हो गई है।
जिले की चार विधानसभा सीटों में से बुदनी में कुल 2 लाख 76 हजार 440 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 43 हजार 663 पुरुष, 1 लाख 32 हजार 770 महिलाएं और 7 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं मतदाताओं की संख्या के लिहाज से आष्टा विधानसभा क्षेत्र (2 लाख 83 हजार 905 मतदाता) जिले में पहले स्थान पर है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ब्रजेश सक्सेना ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सूची का प्रकाशन किया।
सबसे ज्यादा आष्टा में मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या के अनुसार 156.बुदनी में कुल 02 लाख 76 हजार 440 मतदाता हैं। इनमें 01 लाख 43 हजार 663 पुरुष, 01 लाख 32 हजार 770 महिला तथा 7 अन्य मतदाता हैं। इसी प्रकार 157.आष्टा में कुल 2 लाख 83 हजार 905 मतदाता हैं, जिनमें 01 लाख 47 हजार 177 पुरुष, 01 लाख 36 हजार 725 महिला तथा 03 अन्य मतदाता शामिल हैं। 158.इछावर विधानसभा क्षेत्र में कुल 02 लाख 29 हजार 602 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 19 हजार 814 पुरुष, 01 लाख 9 हजार 782 महिला तथा 06 अन्य मतदाता हैं। वहीं 159.सीहोर विधानसभा क्षेत्र में कुल 02 लाख 15 हजार 874 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 01 लाख 10 हजार 762 पुरुष, 01 लाख 5 हजार 105 महिला तथा 07 अन्य मतदाता शामिल हैं।
11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 दिसंबर तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।