टीआई गिरीश दुबे का एक्शन, बुलेट के पटाखे बंद कराए, अब रात को छापा मारकर 6 जुआरी पकड़े

सीहोर। जिले में पुलिस का कड़ा एक्शन देखने को मिल रहा है। कोतवाली थाने का चार्ज संभाले अभी सिर्फ दो महीने ही हुए हैं, लेकिन थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने अपने सख्त अंदाज से अपराधियों और हुड़दंगियों की नींद उड़ा दी है। शहर में शांति बनाए रखने के लिए उनकी ताबड़तोड़ कार्रवाइयां लगातार जारी हैं।
बता दें कुछ समय पहले तक शहर में कुछ युवा बुलेट बाइक में गलत साइलेंसर लगवाकर तेज पटाखे जैसी आवाज करते थेए जिससे आम लोगों और बुजुर्गों को बहुत परेशानी होती थी। टीआई गिरीश दुबे ने इस पर कड़ा एक्शन लिया और ऐसे दर्जनों बुलेट वाहनों के साइलेंसर उतरवाए। इससे शहर में शोर-शराबे से बड़ी राहत मिली है।
रानी मोहल्ले में फिर मारा छापा, 6 जुआरी गिरफ्तार
इसी कड़ी में गुरुवार की दरमियानी रात टीआई गिरीश दुबे ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाते हुए रानी मोहल्ला गंज क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से 6 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के पास से 15 हजार 100 रुपये की अवैध जुआ राशि और ताश के पत्ते जब्त किए गए। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में टीआई गिरीश दुबे के साथ प्रधान आरक्षक अशोक वर्मा, आरक्षक अमित, गोविंद यादव, संजय शर्मा और नरोत्तम केन की भूमिका रही।

 

Exit mobile version