पुलिस ने 36 घंटे में किया ट्रिपल मर्डर का खुलासा, उधार के पैसे न देना पड़े इसलिए उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। बुदनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 कोरी मोहल्ला में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 18 नवंबर की सुबह पड़ोसियों की सूचना पर एक ही परिवार के तीन सदस्य राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन मीणा के शव मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीमें बनाकर जांच तेज की थी। फॉरेंसिक, साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने 36 घंटे में आरोपियों को दबोच लिया तथा वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। प्रारंभिक जांच में 2 लाख रुपए के कर्ज और फसल के हिस्से से बचने के लिए हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 नवंबर की सुबह करीब 7.55 बजे वार्ड 12 कोरी मोहल्ला निवासी हेमराज मेहरा अपने घर के बाहर मंजन कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राकेश मीणा के घर के भीतर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज आई। पड़ोसी नेहा कुशवाह के कहने पर जब हेमराज अंदर गया तो गैलरी में खून फैला देखा। भीतर जाकर देखने पर राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन मीणा के शव पड़े थे। तीनों के सिर पर किसी भारी हथियार से गंभीर चोटें मारकर हत्या की गई थी। हेमराज ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

यह थी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश भिलाला निवासी ग्राम यारनगर ने मृतक राकेश से करीब 2 लाख रुपए उधार लिए थे। उसे ब्याज सहित रकम चुकानी थी और पैसा जमा होने तक फसल में भी हिस्सा देने की बात थी। इसी कर्ज और हिस्सेदारी से बचने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल भिलाला निवासी ग्राम खांडाबड़ को कुछ रुपए देने का लालच दिया और पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची।
वारदात और सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश के घर पहुंचे। उन्होंने बात करने के बहाने दरवाजा खुलवाया और साथ लाई गई कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने मृतक का मोबाइल टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया था।
हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और बुदनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीमें बनाई गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। फॅरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की मदद से मुखबिर तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।


