पुलिस ट्रेनिंग में “भीड़ प्रबंधन” और “मान-सम्मान” पर फोकस
सिंहस्थ-2028 को लेकर दिया जा रहा सीहोर पुलिस को विशेष प्रशिक्षण, पहले बैच की ट्रेनिंग हुई

सीहोर। उज्जैन में वर्ष 2028 में लगने वाले सिंहस्थ मेले को लेकर तैयारी शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने भी पुलिस टीम को प्रशिक्षित करने के लिए सभी जिलों को निर्देश दिए हैं। सीहोर जिले में एसपी सोनाक्षी सक्सेना के मार्गदर्शन में पुलिस का पहला बैच प्रशिक्षित हुआ है। इस दौरान पुलिस टीम को भीड़ प्रबंधन को काबू करने के साथ ही सिंहस्थ में आने वाले दुनियाभर सहित देशभर के श्रद्धालुओं के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उज्जैन आने वाले सभी लोगों को किसी भी तरह से अपमानित न होना पड़े। ट्रेनिंग में श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य को लेकर भी प्रशिक्षण में विशेष फोकस किया जा रहा है। पुलिस टीम को इस दौरान हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की भी सीख दी जा रही है, ताकि कोई भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी पुलिसकर्मी तैयार रहें।
पहले बैच का हुआ प्रशिक्षण पूरा –
‘सिंहस्थ-2028’ के सफल, सुगम एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर सीहोर जिले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कोर्स के प्रथम बैच का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 1 जून 2026 से पुलिस कंट्रोल रूम सीहोर में प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ ड्यूटी की बारीकियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने उपस्थित समस्त कर्मचारियों को सिंहस्थ ड्यूटी के महत्व को समझाते हुए उनका मार्गदर्शन किया था। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने वाले सभी 45 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उनके उज्जवल भविष्य तथा उत्कृष्ट सेवाओं हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, समस्त राजपत्रित अधिकारीगण, रक्षित निरीक्षक सीहोर उपेंद्र यादव, उप-निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव सहित प्रशिक्षणरत 45 कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



