मंदिर की छोटी मोटर से खेत में पानी देने से मना किया तो पुजारी पर लाठी-डंडों से हमला
सोमलवाड़ा के शिव मंदिर की घटना, दो आरोपियों पर केस दर्ज

सीहोर। शाहगंज थाना क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम सोमलवाड़ा में मंदिर की मोटर से खेत में पानी देने से इनकार करना एक बुजुर्ग पुजारी को भारी पड़ गया। इस बात से नाराज गांव के ही दो लोगों ने आश्रम में घुसकर पुजारी के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट कर दी। इस हमले में पुजारी की आंख के नीचे और पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। वहीं पीडि़त पुजारी की शिकायत पर शाहगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोमलवाड़ा स्थित प्राचीन संन्यास आश्रम शिव मंदिर में पुजारी राजगिरी महाराज रहकर नियमित रूप से पूजा-पाठ और आश्रम की देखरेख करते हैं। मंदिर परिसर के पास ही गांव के रहने वाले जगदीश कीर का खेत स्थित है।
करीब आठ दिन पहले जगदीश कीर ने अपने खेत में सिंचाई के लिए मंदिर की पानी की मोटर का उपयोग करने की बात पुजारी से कही थी। इस पर पुजारी राजगिरी महाराज ने व्यावहारिक समस्या बताते हुए कहा था कि मंदिर की मोटर काफी छोटी है और वह खेत की सिंचाई के लिए पानी देने में सक्षम नहीं है। इसी बात को लेकर जगदीश पुजारी से रंजिश रखने लगा था।
बुधवार शाम आश्रम पहुंचकर किया हमला
फरियादी पुजारी राजगिरी महाराज ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 7.30 बजे जब वे मंदिर में मौजूद थे, तभी जगदीश कीर और कमल कीर आश्रम पहुंचे। दोनों ने खेत में पानी नहीं देने की पुरानी बात को लेकर पुजारी के साथ गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया।
पुजारी ने जब उन्हें शांत कराने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में पुजारी की दाहिनी आंख के नीचे, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, जांच जारी
घटना के बाद घायल अवस्था में पुजारी राजगिरी महाराज शाहगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने पुजारी का मेडिकल परीक्षण कराते हुए उनकी रिपोर्ट पर आरोपी जगदीश कीर और कमल कीर के खिलाफ मारपीट व संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



