
सीहोर। जिले में मानसून का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रविवार शाम अचानक मौसम में आए बदलाव के साथ कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। इस सीजन में बारिश के मामले में रेहटी तहसील पूरे जिले में सबसे आगे चल रही है, लेकिन इसके बावजूद पिछले साल के मुकाबले इस बार कुल बारिश का आंकड़ा काफी पीछे छूट गया है।
भू.अभिलेख विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 2 अगस्त तक जिले में औसतन 19.92 इंच बारिश दर्ज की गई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि 2 अगस्त तक जिले में 25.44 इंच औसत बारिश हो चुकी थी। गौरतलब है कि सीहोर जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 45.21 इंच है।
तहसीलवार बारिश की स्थिति
बारिश के मामले में जिले रेहटी टॉप पर है। 1 जून से तक अगस्त तक रेहटी में 21.61 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि बुधनी 20.90 इंच, भैरूंदा 20.74 इंच, इछावर 20.70 इंच, सीहोर मुख्यालय 18.84 इंच, श्यामपुर 14.38 इंच बारिश हुई है।
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मानसून ट्रफ रेखा सक्रिय है। साथ ही अरब सागर से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से जिले में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।
आगामी दिनों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे का अनुमान जताया है। अगस्त के पहले और दूसरे सप्ताह में नमी बढऩे से भारी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। इससे नदियों-नालों में उफान आने और बांधों का जलस्तर तेजी से बढऩे की संभावना है।