News

रोटरी क्लब मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की स्थापना, मरीजों को पूरी तरह मुफ्त मिलेंगे चिकित्सा उपकरण

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, व्हील चेयर और मेडिकल बेड सहित 14 तरह के उपकरण उपलब्ध

सीहोर। गंभीर बीमारी के समय आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रोटरी क्लब ने सराहनीय कदम उठाया है। क्लब द्वारा शहर में रोटरी क्लब मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की स्थापना की गई है। इस बैंक के माध्यम से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, मेडिकल बेड, व्हील चेयर सहित लगभग 14 तरह के जरूरी चिकित्सा उपकरण मरीजों को पूर्ण रूप से नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रोटरी क्लब के अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय एवं उनकी टीम द्वारा करीब 10 दिन पहले शुरू की गई इस मुहिम का लाभ अब तक 9 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को मिल चुका है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय ने बताया कि इस अभिनव पहल का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा के पावन संकल्प को साकार करना है। अक्सर देखा जाता है कि कई परिवारों को इलाज के दौरान कुछ समय या अस्थायी रूप से महंगे चिकित्सा उपकरणों की आवश्यकता होती है, लेकिन आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से वे इन्हें खरीद नहीं पाते। यह बैंक ऐसे ही जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों को संबल प्रदान करने का काम कर रहा है।
सुरक्षा राशि पर मिलेंगे उपकरण, काम होने पर राशि होगी वापस
इस बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर क्लब ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा उपकरण जरूरतमंद व्यक्तियों को केवल एक नाममात्र की सिक्योरिटी राशि जमा कराकर निर्धारित अवधि के लिए दिए जाएंगे। मरीज के स्वस्थ होने और उपकरण का उपयोग पूरा हो जाने के बाद, जैसे ही उपकरण सुरक्षित रूप से वापस बैंक में जमा कराया जाएगा, वह सुरक्षा राशि परिवार को लौटा दी जाएगी। इससे वही उपकरण आगे चलकर अन्य जरूरतमंद लोगों की सेवा में दोबारा उपयोग किया जा सकेगा।
घरों में बेकार पड़े उपकरणों को दान करने की अपील
अक्सर किसी रोगी के ठीक हो जाने के बाद व्हीलचेयर, वॉकर, बैसाखी, हॉस्पिटल बेड, नेबुलाइजर, कमोड चेयर या एयर बेड जैसे कीमती उपकरण घरों में अनुपयोगी पड़े रहते हैं। रोटरी क्लब ने नगरवासियों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि जिनके घरों में ऐसे उपकरण वर्तमान में खाली और अनुपयोगी हैं, वे उन्हें इस मेडिकल इक्विपमेंट बैंक में दान स्वरूप जमा कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button