रोटरी क्लब का 55वां शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, कमर अहमद सिद्दीकी बने अध्यक्ष और रघुनंदन निगोदिया ने संभाला सचिव पद

सीहोर। शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था रोटरी क्लब का 55वां इंस्टॉलेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह तहसील चौराहा स्थित रोटरी भवन में संपन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से शपथ लेकर नए सत्र का कार्यभार संभाला। सभी सदस्यों ने आगामी वर्ष में समाजसेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का साझा संकल्प लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईएएस प्रीति नायक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान रोटेरियन कमर अहमद सिद्दीकी ने रोटरी क्लब सीहोर के नए अध्यक्ष के रूप में और रोटेरियन रघुनंदन निगोदिया ने सचिव पद की पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में भोपाल से आए असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन हर्ष मित्तल, क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन मधुर विजयवर्गीय तथा पूर्व सचिव रोटेरियन कपिल अग्रवाल विशेष रूप से मंच पर मौजूद रहे।


शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर रहेगा विशेष फोकस
समारोह के दौरान रोटरी क्लब द्वारा पूर्व में संचालित किए गए सेवा प्रकल्पों की समीक्षा की गई और आगामी सत्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा साझा की गई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब हमेशा से मानवीय सरोकारों से जुड़ा रहा है। नए सत्र में भी शिक्षा के प्रसार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने, पर्यावरण संरक्षण और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की मदद करने वाले कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह का संचालन इनकम टैक्स एडवोकेट रोटेरियन शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर रोटेरियन डॉ. कैलाश अग्रवाल, जोली कोरियन, डॉ. एसआर गट्टानी, राजेश काशीव, राजेंद्र सिसोदिया, रोटेरियन हरीशचंद्र शर्मा, रोटेरियन विपुल चांडक, अर्पित पालीवाल, अंबर गुप्ता, विपिन जोशी और अमित सोनी सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।



