पटवारी से धक्का मुक्की, दस्तावेज छीनने की कोशिश, राजस्व कर्मचारियों में आक्रोश, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। श्यामपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अहमदपुर में शासकीय कर्तव्य का पालन कर रहे एक पटवारी के साथ अभद्रता करने और सरकारी काम में अड़ंगा डालने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान कुछ लोगों द्वारा न केवल पटवारी के साथ धक्का-मुक्की और विवाद किया गया, बल्कि शासकीय रिकॉड्र्स छीनने का प्रयास भी किया गया।
घटना के विरोध में मध्य प्रदेश पटवारी संघ तहसील इकाई श्यामपुर ने तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और मैदानी कर्मचारियों को सुरक्षा देने की मांग की है।
रास्ते की जांच के दौरान हुआ विवाद
पटवारी संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार 12 अगस्त को तहसीलदार के निर्देशों का पालन करते हुए हल्का पटवारी सुधीर चतुर्वेदी ग्राम अहमदपुर में एक विवादित शासकीय रास्ते की जांच करने पहुंचे थे। आरोप है कि जब पटवारी अपनी जांच प्रक्रिया पूरी कर रहे थे, तभी गांव के जगदीश गुर्जर, विजय गुर्जर, सतीश ठाकुर, महेंद्र गुर्जर और राहुल गुर्जर ने उन्हें घेर लिया। इन लोगों ने जांच का विरोध करते हुए पटवारी के साथ तीखी बहस और अभद्रता शुरू कर दी।
सरकारी रिकॉर्ड छीनने और धमकाने का आरोप
संघ का आरोप है कि आरोपियों ने उग्र होकर पटवारी सुधीर चतुर्वेदी के हाथ से शासकीय दस्तावेज और फाइलें छीनने का प्रयास किया। साथ ही उन्हें अंजाम भुगतने की धमकियां देते हुए जांच का काम जबरन बीच में ही रुकवा दिया। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि ऑन ड्यूटी सरकारी कर्मचारी को उसके कानूनी कर्तव्यों से रोकना और सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ का प्रयास करना एक संगीन और दंडनीय अपराध है।
फील्ड में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद से श्यामपुर तहसील के सभी पटवारियों और राजस्व अमले में असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। पटवारी संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण हटाने और रास्तों के विवाद सुलझाने जैसे संवेदनशील कामों के दौरान मैदान में कर्मचारियों को ही निशाना बनाया जाएगा तो निष्पक्ष काम करना असंभव हो जाएगा।
संघ ने रखी यह मांगे
– घटना में शामिल सभी 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ तुरंत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
– पीडि़त पटवारी सुधीर चतुर्वेदी सहित मैदान में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान उचित सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
– भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तहसीलदारों और स्थानीय थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
कार्रवाई न होने पर काम ठप करने की चेतावनी
पटवारी संघ ने प्रशासनिक अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कानूनी कदम नहीं उठाए गए तो पूरे श्यामपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व संबंधी जैसे नामांतरण, सीमांकन, बटवारा आदिद्ध सभी कार्य बंद कर दिए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

Exit mobile version