सीहोर जिले का रेहटी थाना अपराधों में नंबर 3 पर, अमले में फिसड्डी!

- हत्या के अपराधों में नंबर एक, एससी-एसटी अपराधों में दो पर, फिर भी नहीं मिल रहा पर्याप्त पुलिस बल

सुमित शर्मा
प्रदेशभर सहित सीहोर जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा तमाम दिशा-निर्देश जारी हो रहे हैं। जन-जागरूकता, मुस्कान अभियान सहित अन्य अभियान चलाने के लिए भी निर्देश मिल रहे हैं, लेकिन इन निर्देशों का पालन कराने के लिए पर्याप्त पुलिस अमला उपलब्ध नहीं हो रहा है। ऐसे में अपराधों पर अंकुश कैसे लगे? यूं तो सीहोर जिलेभर के थानों में पर्याप्त पुलिस बल की बेहद कमी है, लेकिन जिले का महत्वपूर्ण रेहटी थाना इस समय सबसे ज्यादा अमले की परेशानियों से जूझ रहा है। रेहटी थाना सीहोर जिले में अपराधों के मामलों में नंबर तीन पर है। नंबर एक पर कोतवाली थाना आता है। रेहटी थाना क्षेत्र में हत्या के मामले सबसे ज्यादा दर्ज होते हैं। हत्या के मामलों में तो रेहटी थाना नंबर एक पर तो वहीं एससी-एसटी के अपराधों में नंबर दो पर है। इसके बाद भी पुलिस बल नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति में अपराधों पर नियंत्रण एवं अभियानों को चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य बन गया है। हालांकि कम अमले के बावजूद रेहटी थाना अपराधों के खुलासे में भी बेहतर स्थिति में है, लेकिन यहां पर उपलब्ध अमला मानसिक तनाव भी झेल रहा है।
व्हीआईपी मूवमेंट के साथ 125 गांवों की सुरक्षा का जिम्मा-
रेहटी तहसील के सलकनपुर में प्रसिद्ध धाम मां विजयासन का स्थान है। यहां पर आए दिन व्हीआईपी का मूवमेंट रहता है। केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, अधिकारी, जज सहित अन्य व्हीआईपी यहां पर आए दिन दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में उनकी ड्यूटी के लिए भी पुलिस बल लगता है। इसी तरह रेहटी तहसील के अंतर्गत करीब 125 गांव आते हैं। इन गांवों की सुरक्षा का जिम्मा भी पुलिस के हाथों में है। चकल्दी सहित अन्य गांवों में स्थिति ज्यादा गंभीर रहती है। ऐसे में पर्याप्त पुलिस बल की कमी के कारण कई बार गंभीर हालात भी पैदा हो जाते हैं।
रेहटी थाने में पुलिस बल की स्थिति-
रेहटी थाने में थाना प्रभारी के अलावा 3 पद एसआई के हैं, लेकिन वर्तमान में दो पदस्थ हैं। एक एसआई 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद एक ही पद बचेगा। इसी तरह 8 पद एएसआई के हैं, जिनमें से वर्तमान में दो ही पदस्थ हैं। आरक्षक के भी करीब 30 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 19 ही हैं। प्रधान आरक्षकों की भी बेहद कमी है। रेहटी थाना अंतर्गत करीब 125 गांव आते हैं, लेकिन इन गांवों के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल नहीं है।
ये है सीहोर जिलेभर में अपराधों की स्थिति-
क्र.   अपराध                वर्ष-2023    वर्ष-2024
1.    हत्या                   1174           1090
2. हत्या का प्रयास        1104           968
3. डकैती                     64               31
4. लूट                        805             618
5. रेप                         2583           2319
6. गैंग रेप                   163             132
7. छेड़छाड़                  2151           1939
8. दहेज प्रताड़ना          2875           2782
9. नकबजनी               6169           5581
10. चोरी                    21828         20407
11. कुल पोक्सो           2766           2376
12. महिलाओं के अपराध 12968      11941
13. अजा/अजजा        4033            3144
14. अन्य                 132280         130819
कुल                         189178        182714
(वर्ष-2024 के अपराध मार्च-अप्रैल तक की स्थिति में है।)

Exit mobile version