Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

सीहोर : एसपी ने ली 6 घंटे तक मैराथन बैठक, अपराधों की स्थिति जानी, दिए निर्देश

पॉस्को एक्ट को लेकर बोलीं- 60 दिनों में पेश करें चालान, रात्रि गश्त भी बढ़ाएं

सीहोर। जिले में घटित हो रहे अपराधों पर लगाम लगाने और अपराधों की स्थिति जानने सहित पॉस्को एक्ट, अनुसूचित जाति-जनजाति के मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने जिलेभर के पुलिस अधिकारियों सहित थाना प्रभारी की क्लास लगाई और लगातार 6 घंटे तक मैराथन बैठक करके थाना क्षेत्रों की स्थिति जानी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने वर्ष 2024, वर्ष 2025 एवं वर्ष 2026 में घटित हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, गृहभेदन एवं चोरी जैसे गंभीर अपराधों की थानावार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संपत्ति संबंधी अपराधों में मशरूका बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों के संबंध में अनुसूचित जाति/जनजाति तथा महिलाओं के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पॉक्सो एक्ट एवं बलात्कार संबंधी मामलों में निर्धारित 60 दिवस की समय-सीमा के भीतर विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ITSSO पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, जिला बदर, एनएसए तथा आबकारी, आर्म्स एक्ट, सट्टा, जुआ एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित मर्ग, चालान, खात्मा-खारजी प्रकरण, विभागीय जांच एवं जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं वैधानिक निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सीसीटीएनएस पोर्टल पर चार्जशीट अपलोडिंग, ई-रक्षक ऐप के माध्यम से समंस एवं वारंट तामीली, तथा एनडीएसओ, निदान, आईसीजेएस एवं नेफिस जैसे राष्ट्रीय पोर्टलों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
शिकायतों में नहीं बरते लापरवाही –
जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण हेतु सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। ई-प्रथम सूचना पत्र, ई-जीरो प्रथम सूचना पत्र, जीरो प्रथम सूचना पत्र की लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, वारंटियों की धरपकड़ में तेजी लाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, जिले में सभी एसडीओपी/सीएसपी, रक्षित निरीक्षक सीहोर, सभी थाना प्रभारी,
प्रभारी यातायात सीहोर तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button