Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भाई को बचाने दौड़े बहन-जीजा, हमलावरों ने लाठियों से पीट-पीटकर कर दी भाई की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम महागांव जदीद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। घर के सामने स्कूटी हटाने और कार का हॉर्न बजाने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने एक भाई को उसकी बहन और जीजा के सामने ही लाठियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। भाई को बचाने आए जीजा और बीच-बचाव करने वाले ग्रामीणों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में रेहटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर ही हत्या में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना को लेकर मृतक सुनील यदुवंशी की बहन रमाबाई पति सबरसिंह यदुवंशी ने रेहटी थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। रमाबाई की रिपोर्ट के अनुसार 2 जुलाई को संदीप, विनीत और उनके दो अन्य साथियों ने जान से मारने की नीयत से उसके भाई सुनील पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण सुनील ने दम तोड़ दिया। बहन की इस रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू की।
हॉर्न बजाने पर हुआ था विवाद
पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी संदीप और विनीत यदुवंशी ने पूछताछ में बताया कि 1 जुलाई की रात करीब 11 बजे संदीप अपने चचेरे भाई विनीत और दोस्त मोहित व प्रदीप के साथ नीले रंग की होंडा ब्रियो कार से जा रहा था। महागांव जदीद में संदीप के घर के ठीक सामने सुनील के जीजा सबर सिंह का घर है, जहां रोड पर एक स्कूटी खड़ी थी। रास्ता न मिलने पर जब विनीत ने कार का हॉर्न बजाया तो घर के अंदर से सुनील यदुवंशी बाहर निकला। चूंकि दोनों पक्षों में पहले से ही रंजिश चली आ रही थी, इसलिए बाहर निकलते ही गाली गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही कार सवार चारों आरोपी नीचे उतरे और पास में रखे डंडों से सुनील पर टूट पड़े।
बचाने आई बहन की आंखों के सामने तोड़ा दम
जब भाई सुनील की चीख पुकार सुनकर उसे बचाने उसकी बहन रमाबाई और जीजा सबर सिंह दौड़े तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। संदीप ने डंडे से जीजा सबर सिंह के सिर पर जोरदार वार किया। गांव का ही पूनम यदुवंशी जब बीच बचाव करने आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटकर भगा दिया। लहूलुहान भाई ने अपनी बहन की आंखों के सामने ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी अपनी नीले रंग की कार से मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप यदुवंशी निवासी महागांव जदीद रेहटी, विनीत यदुवंशी निवासी खडग़ांव हाल निवासी अयोध्या नगर भोपाल, मोहित धनवारे निवासी दिगवाड़ हाल निवासी अशोका गार्डन भोपाल और प्रदीप यदुवंशी निवासी पार्वती नगर अयोध्या नगर भोपाल को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button