सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने किया आईटीआई भेरूंदा का शैक्षणिक भ्रमण

सीहोर। शासकीय सांदीपनि विद्यालय रेहटी के विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भेरूंदा पहुंचकर संस्थान की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईटीआई परिसर में संचालित विभिन्न तकनीकी ट्रेड्स के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से आईटी ट्रेड तथा इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर ट्रेड में दिए जाने वाले प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली और लैब एवं वर्कशॉप में चल रही गतिविधियों को करीब से देखा। इस दौरान संस्थान के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे इन तकनीकी कौशलों को सीखकर भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों ने व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने में काफी रुचि दिखाई।
व्यावहारिक शिक्षा और करियर निर्माण पर जोर
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर व्यावसायिक शिक्षा और आधुनिक तकनीकी कौशल से रूबरू कराना था। प्राचार्य महेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और उनके करियर निर्माण के दृष्टिकोण से काफी उपयोगी साबित हुई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा।



