Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कानून का खौफ ‘जीरो’, हौंसले बुलंद, 29 मुकदमों के बाद भी नहीं सुधरा शातिर चोर, अब दर्ज हुआ 30वां मामला

भैरुंदा में बाईक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी

सीहोर। एक आम आदमी पर अगर पुलिस थाने में कोई छोटा-मोटा मामला भी दर्ज हो जाए तो उसकी रातों की नींद उड़ जाती है। परिवार में घबराहट का माहौल बन जाता है, लेकिन सीहोर जिले में एक ऐसा बेखौफ अपराधी सामने आया है, जिसके खिलाफ सीहोर-देवास जिले में 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इतने मुकदमों के बाद भी न तो उसके हौसले पस्त हुए और न ही उसे कानून का रत्ती भर खौफ रहा। नतीजा यह हुआ कि अब उसके नाम पर 30वां आपराधिक मामला भी दर्ज हो गया है।
कमजोर सजा का प्रावधान, मामूली धाराएं और सामान्य सा जुर्माना… शायद इन्हीं वजहों से ऐसे आदतन अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। यही वजह है कि अब आम जनता और पुलिस महकमे में भी बस यही चर्चा है कि क्या इतने मामलों के बाद भी यह आरोपी कभी सुधरेगा।
घर के बाहर से उड़ा ले गया था पल्सर बाइक
पूरा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र का है। 14 जुलाई को ग्राम चीचली निवासी फरियादी रामहेत पिता कमल हरियाले ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल उनके घर के सामने से चोरी हो गई है। फरियादी की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए गोपालपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटा शातिर दिमाग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशन तथा एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में गोपालपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने संदेही बन्नू उर्फ रमजान 30 वर्ष पिता रहमान निवासी ग्राम टाकलीखेड़ा को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने अपने अंदाज में सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी का शातिर दिमाग पस्त हो गया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह बाइक अपने साथी राहुल चर्मकार निवासी ननासा के साथ मिलकर चोरी की थी और उसे राहुल के घर में छिपाकर रखा गया है।
पल्सर बरामद, साथी भी गिरफ्तार
आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल चर्मकार के ठिकाने से चोरी की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब 1,20000 रुपये है, जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
जिले का निगरानीशुदा बदमाश है आरोपी बन्नू
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर जो सच सामने आया उसने सभी को हैरान कर दिया। मुख्य आरोपी बन्नू उर्फ रमजान निवासी टाकलीखेड़ा थाना कन्नौद एक आदतन और निगरानीशुदा बदमाश है। उसके खिलाफ अकेले सीहोर और देवास जिले के अलग-अलग थानों में चोरी के 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। यह बाइक चोरी उसका 30वां मामला है। वहीं उसका साथी राहुल चर्मकार भी कोई दूध का धुला नहीं है। वह भी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ देवास जिले में चोरी के 03 मामले पहले से दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button