
सीहोर। इछावर से भोपाल की ओर जा रहा खाद्य तेल से भरा एक टैंकर देलावाड़ी घाट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। इस सडक़ हादसे में टैंकर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंसा रह गया।
जानकारी के अनुसार खाद्य तेल से भरा टैंकर जब देलावाड़ी घाट से गुजर रहा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सडक़ किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरा। घटना के समय टैंकर में केवल चालक ही मौजूद था। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस टीम ने चालक को बाहर निकाला
हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल.112 और रेहटी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एएसआई ताबिश खान और पायलट कपिल रघुवंशी ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद टैंकर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 वाहन की मदद से गंभीर हालत में चालक को तुरंत रेहटी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक चालक की हुई पहचान
एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार मृतक चालक की पहचान आनंद पिता कृपाल सिंह उम्र 25 वर्षद्ध निवासी भाऊखेड़ी के रूप में हुई है। आनंद स्वयं इस खाद्य तेल टैंकर को चला रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।