Newsमध्य प्रदेशराजनीतिकसीहोर

भाजपा सरकारों के काम बताएं और झूठ फैलाने वालों को जवाब दें किसान मोर्चा कार्यकर्ता

- किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

भोपाल। आजादी के बाद पहली बार भाजपा की सरकार ने सही मायनों में किसानों की चिंता की है और उनकी बेहतरी के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। ये योजनाएं ही हमारी असली ताकत हैं। हमारी सरकारों की इन योजनाओं से किसानों के जीवन और गांवों में क्या बदलाव आया है, किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी के प्रवक्ता की तरह इन कामों और योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर एवं मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक के दौरान भाजपा सरकारों की योजनाओं, प्रयासों तथा उनसे किसानों के जीवन में परिवर्तन के संबंध में एक पत्रक का वितरण भी किया गया।

कांग्रेस के झूठ का गांव-गांव में जवाब दें मोर्चा कार्यकर्ता: विष्णुदत्त शर्मा
किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता झूठ बोलने की मशीन हैं। मि. बंटाढार मशीन में झूठ फीड करते हैं और करप्टनाथ उसे बाहर निकालते हैं। कांग्रेसी और वामपंथी लोग योजनाबद्ध तरीके से झूठ फैलाकर वातावरण खराब करने का काम करते हैं। इसके लिए वे लोगों को पैसा देते हैं, प्रशिक्षित करते हैं और एजेंसियों की सेवाएं भी लेते हैं। चुनाव नजदीक हैं और किसान मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी की मशाल लेकर मैदान में हैं। ऐसे में हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में मोर्चा संभालना है और पार्टी के प्रवक्ता के रूप में, एक सजग प्रहरी की तरह इन झूठ फैलाने वालों को गांव-गांव में जवाब देना है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने ही सही मायनों में गांव, गरीब और किसानों की चिंता की है। गांव सड़कों से जुड़े नहीं थे, स्व. अटलजी की सरकार ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने बिजली की उपलब्धता के लिए कदम उठाए और आज किसानों को पर्याप्त बिजली तो मिल ही रही है, दिल्ली की मेट्रो भी मध्यप्रदेश की बिजली से चल रही है। मि. बंटाढार की सरकार के समय प्रदेश में सिर्फ 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, आज 40 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। सूखे बुंदेलखंड में भी केन-बेतवा लिंक परियोजना के रूप में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी का सपना साकार होने जा रहा है, जिसके लिए हमारी केंद्र सरकार ने 44605 करोड़ रुपये का प्रावधान कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने किसानों के लिए किसान सम्मान निधि का प्रावधान किया। स्वामित्व योजना में किसानों को उनकी प्रापर्टी का अधिकार दिया। प्रधानमंत्री आवास दिये, गैस कनेक्शन दिए और आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार के प्रयासों और किसानों की मेहनत के बल पर आज मध्यप्रदेश गेहूं उत्पादन में पंजाब को पीछे छोड़कर देश का नंबर-1 राज्य बन गया है, लगातार 7 बार से कृषि कर्मण अवार्ड जीत रहा है। हमारी सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां हमारी ताकत हैं। मोर्चा कार्यकर्ता इन्हें गांव-गांव तक पहुंचाएं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मि. बंटाढार आजकल पर्दे के पीछे छिपे रहते हैं, सामने नहीं आते। उन्हें डर है कि अगर उनका चेहरा दिख गया, तो लोगों को 2003 के पहले का बंटाढार युग याद आ जाएगा।

नमो शिव किसान चौपाल के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचे मोर्चा: हितानंद जी
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि किसान मोर्चा का काम फ्रंट पर लड़ना होता है। किसान मोर्चा विरोधियों द्वारा किसानों के बीच में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करते हुए भाजपा सरकार द्वारा किसान हित में किये गये काम और निर्णयों से उन्हें अवगत कराएँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय किसान साहूकारों के कर्ज में दबा रहता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गांव, गरीब, किसान की चिंता की। किसान क्रेडिट कार्ड की योजना भाजपा सरकार ने लागू की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसान सम्मान निधि लाकर सीमांत किसानों को संजीवनी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमींन पर कहीं नहीं है, सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। किसान मोर्चा खेत, चौपाल के साथ ही सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस को बेनकाब करें। श्री हितानंद जी ने चुनाव की दृष्टि से किसान मोर्चा द्वारा तय किये गये कार्यक्रमों को पूरी ताकत के साथ नीचे तक ले जाने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा की हर गांव में इकाई है और मोर्चा कार्यकर्ता नमो शिव किसान चौपाल के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचें।

चुनाव को युद्ध की तरह लें और अपने मनोबल से जीत हासिल करेंः राजकुमार चाहर
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने कहा कि मनोबल से चुनाव और युद्ध को जीता जाता है। मध्यप्रदेश में इस वर्ष चुनाव है और हमें इसे युद्ध की भांति समझते हुए अपने मनोबल से जीत हासिल करना है तथा पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने लक्ष्य दिया है 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाना है। मोदी जी हमेशा कहते है राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और व्यक्ति अंतिम है। भाजपा के अलावा कोई भी दल अपनी विचारधारा के साथ नहीं जुडा है। भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी पार्टी है। बाकी सभी दल परिवारवादी हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जो विपक्षी दल कभी एक न हुए, वो आज भाजपा और मोदी जी के सामने एक होने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जो भी काम कार्यकर्ता के रूप में कर रहे है उन सभी कार्याे को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालें। सोशल मीडिया के माध्यम से हम सभी प्रदेश पदाधिकारियों को फॉलो और शेयर करें। हर नकारात्मकता से ऊपर आकर हमें पूरे मन और पूरे मनोयोग से चुनाव प्रबंधन का काम करना है।

मुद्दों की जानकारी रखें, किसानों तक अपनी बात पहुंचाएं कार्यकर्ताः बंशीलाल गुर्जर
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसान मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता को कृषि और किसानों से संबंधित मुद्दों की जानकारी विकसित करनी चाहिए, इसी से उनकी तरक्की का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पूर्व देश की जीडीपी में कृषि का योगदान 13.75 प्रतिशत था। जबकि मुगलों के पूर्व हमारी अर्थव्यवस्था कृषि आधारित थी और देश की जीडीपी में कृषि का योगदान 60 प्रतिशत था। मुगलों के बाद अंग्रेज आए और फिर कांग्रेस का लंबा शासन। इन सभी ने कृषि और किसानों का इस कदर शोषण किया कि जीडीपी में कृषि का योगदान घटकर 13.75 प्रतिशत तक पहुंच गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किए गए प्रयासों से अब यह बढ़कर 21.5 प्रतिशत पर आ गया है। श्री गुर्जर ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता ऐसे मुद्दों की जानकारी रखें और जब कांग्रेस हमारी सरकारों को बदनाम करने का प्रयास करे, तो उसे तर्कों के आधार पर जवाब दें। उन्होंने कहा कि देश में आज जो अनुकूलता है, वह भाजपा के कारण है और देश के जीडीपी में कृषि के योगदान को वापस 60 प्रतिशत तक पहुंचाने का काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। हम यह बात हर किसान को समझाना होगी।

झोपड़ी-झोपड़ी तक जाएंगे, खोपड़ी-खोपड़ी तक अपनी बात पहुंचाएंगे: दर्शनसिंह चौधरी
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी की ओर से किसान मोर्चा को जो भी लक्ष्य दिए गए थे, उन्हें हम सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी 100 प्रतिशत ऊर्जा लगाकर पूरा किया है। आने वाले समय में भी हम गांव-गांव में चौपाल करेंगे तथा हर केवीके में संगोष्ठी आयोजित करेंगे। श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश, मुख्यमंत्री ?शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा प्रदेश और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में हमारा पार्टी संगठन लगातार सुदृढ़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के कामों और योजनाओं को लेकर हम झोपड़ी-झोपड़ी तक जाएंगे तथा खोपड़ी-खोपड़ी तक उन्हें पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहाकि मोर्चा के कार्यकर्ता आगामी चुनावों में 51 प्रतिशत वोट शेयर और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं। मंच का संचालन पुरूषोत्तम शर्मा एवं आभार प्रयागसिंह रघुवंशी ने माना। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व विधायक ममता मीणा, दयाराम धाकड, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोदिया, भगवान सिंह मीणा, राजेन्द्र गुर्जर, पदमसिंह ठाकुर, रवि रावलिया, भरत दात्रे, राजेश पाटीदार, संजय सक्सेना, हरिराम शाह सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Prečo je dôležité nezasádzať plesnivé a prieskyne blízko domu? To je neverjetno, Ako správne hnojiť ríbezle v máji pre rekordnú úrodu Cesen porumeni a odmre Je vaše vzťahové zdravie ohrozené? Otestujte sa s Najlepšie recepty na kura Zaradi tega molja Fantastická jed z ohrovta: Prvá predjedlá Kaj piti zjutraj namesto kave? Strokovnjaki Ako správne presadiť hortenzie