Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

जिम्मेदार बेपरवाह, जनप्रतिनिधि लाचार, नहीं हल हो रही ग्राम पंचायत की समस्याएं

- बुधनी विधानसभा की निर्मल ग्राम पंचायत सोयत में गंदगी की भरमार

सीहोर। जिले की बुधनी विधानसभा में जहां अधिकारियों की बेपरवाही सामने आ रही है तो वहीं जनप्रतिनिधियों की लाचारी भी दिख रही है। यही कारण है कि विधानसभा की रेहटी तहसील एवं भैरूंदा जनपद पंचायत की निर्मल ग्राम पंचायत सोयत में इस समय गंदगी की भरमार है। गांव के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी रोक देने के कारण यह स्थितियां बनी हुईं हैं। गांव में मुख्य मार्ग पर कचरे के ढेर भी लगे हुए हैं। इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत सोयत के सरपंच, सचिव, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर, विधायक, केंद्रीय मंत्री से भी शिकायतें की गईं हैं, लेकिन अब तक नाली की निकासी को लेकर कोई कारगर प्रयास सामने नहीं आए हैं। इसके कारण स्कूली बच्चों सहित ग्रामवासियों को गंदे पानी में से ही होकर निकलना पड़ता है। इस मामले में अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारियां थोप रहे हैं तो वहीं जनप्रतिनिधि भी इस मामले को लेकर लाचार नजर आ रहे हैं, क्योंकि जनप्रतिनिधियों की कोई भी अधिकारी और वरिष्ठ नेता नहीं सुन रहे हैं।
डेढ़ माह से रूका हुआ है नालियों में पानी, अब बीमारियों की दस्तक-
निर्मल ग्राम पंचायत सोयत में करीब डेढ़ माह से नालियों में पानी रूका हुआ है। दरअसल गांव के घरों से निकलने वाला पानी गांव की नालियों से होते हुए किसानों के खेतों से बड़े नाले में मिलता है, लेकिन अब किसानों ने पानी के कारण फसलें खराब होने के चलते पानी की निकासी पूरी तरह से रोक दी है। अब यह पानी नालियों में भरा हुआ है तो वहीं नालियों से ओव्हर फ्लो होकर किसान के खेत में घुस रहा है, जिससे फसलें भी खराब हो रही है। नालियों में पानी रूका होने के कारण यहां पर अब बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। इस मामले को लेकर सभी जिम्मेदारों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई के नाम से अब तक कुछ नहीं हुआ।
गांव में बन रहे लड़ाई के हालात-
पानी की निकासी रोकने के कारण अब गांव में लड़ाई के हालात भी बनने लगे हैं। लोगों के घरों के सामने पानी की निकासी रूकने के कारण अब घर-घर में लोग नालियों में मिट्टी डालकर पानी को रोक रहे हैं। इसके कारण नालियों का पानी सड़कों पर आ रहा है। इसके कारण ग्राम पंचायत सोयत में किसी दिन बड़ा हादसा भी होने की संभावनाएं बनी हुईं हैं।
अधिकारी थोप रहे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी-
ग्राम पंचायत सोयत के सरपंच हरिओम इवने का कहना है कि पानी की निकासी को लेकर प्रयास कर रहे हैं। सचिव हरिदास बैरागी कहते हैं कि पानी की निकासी को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है, साथ ही अंडरग्राउंड नाली के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री को भी मांग पत्र सौंपा है। वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। जनपद पंचायत भैरूंदा के सीईओ विनीत तिवारी का कहना है कि ग्राम पंचायत सोयत में पानी निकासी रोकने से संबंधित मामला सामने आया है। आबादी भूमि के बाहर का मामला होने के कारण यह हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इस मामले में राजस्व विभाग कार्रवाई करेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ एमके तिवारी भी कार्रवाई को लेकर निरंकुश नजर आ रहे हैं। तहसीलदार रेहटी सपना झिलोरिया ने भी कार्रवाई की बात कही है।
इनका कहना है-
रेहटी तहसील की ग्राम पंचायत सोयत का मामला संज्ञान में आया है। इसको लेकर रेहटी तहसीलदार को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही पानी की निकासी को लेकर उचित प्रबंध किए जाएंगे।
– संजीव कुमार नागू, एसडीएम, बुधनी

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button