Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

बारिश से पहले सुधरेंगी शहर की जर्जर सडक़ें: नपा अध्यक्ष राठौर

सीहोर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के वार्ड क्रमांक 7, 8 और 11 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए लगभग 47 लाख रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि मानसून की दस्तक से पहले शहर की सभी जर्जर सडक़ों का कायाकल्प कर दिया जाएगा, ताकि नागरिकों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। नगर पालिका द्वारा तीनों वार्डों की जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग विकास कार्यों की शुरुआत की गई है।
वार्ड क्रमांक 7: इस वार्ड की विभिन्न आंतरिक गलियों के विकास के साथ-साथ लगभग 24 लाख रुपये की लागत से बनी नई सडक़ का लोकार्पण किया गया। क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस सडक़ को बेहतर बनाने की मांग की जा रही थी। सडक़ बनने से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया।
वार्ड क्रमांक 8: इस वार्ड में इंग्लिशपुरा मस्जिद से लेकर नाले तक 9 लाख 32 हजार रुपये की लागत से बनने वाली नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस पक्की नाली के बन जाने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था सुधरेगी और बरसात के दिनों में होने वाले जल भराव से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
वार्ड क्रमांक 11: यहां अंबेडकर पार्क के पीछे बाउंड्री वॉल, टीन शेड और पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। 13 लाख 68 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों को बैठने और घूमने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
सीहोर को आदर्श शहर बनाना हमारा लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करा रही है। जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सडक़, नाली, पेवर ब्लॉक और सौंदर्यीकरण के काम युद्ध स्तर पर जारी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सीहोर को एक आदर्श और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए कई बड़ी योजनाओं पर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस विकास उत्सव के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद प्रतिनिधि विजेंद्र परमार, दिनेश कुशवाहा, लोकेन्द्र वर्मा, राजेश मांझी और कमलेश राठौर सहित भारी संख्या में क्षेत्रवासी एवं वार्डों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button