मंत्री बोले- दिव्यांगों की प्रतिभा पहचानें

सीहोर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में 130 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सभी का सशक्त होना बेहद जरूरी है।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि दिव्यांगजनों में असीम क्षमता और अद्भुत प्रतिभा होती है, जिसे पहचानना और उन्हें अवसर देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में समान अवसर प्रदान करना है। मंत्री ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश सरकार 18 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों में दिव्यांगता की पहचान के लिए 14 नवंबर तक जिला स्तरीय स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन कर रही है। इससे दिव्यांगता का जल्दी पता चलने पर बच्चों का तुरंत उपचार और आवश्यक व्यवस्था की जा सकेगी। इस दौरान मंत्री कुशवाह ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन और स्टिक जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान के संचालक डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला भी उपस्थित थे।