बुधनी-रेहटी की हर गली से वाकिफ है नवागत एएसपी डॉ. चौबे…

साल 2010 से 2012 तक बुधनी में संभाल चुके हैं एसडीओपी पद की जिम्मेदारी

सीहोर। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने तथा जन-सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान एएसपी सुनीता रावत के स्थानांतरण के बाद उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर प्रभार संभाला। सीहोर पदस्थापना के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से सौजन्य मुलाकात की और जिले की सुरक्षा रणनीतियों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बता दें नवागत एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के लिए सीहोर जिला नया नहीं है। वे बुधनी-रेहटी क्षेत्र की हर गली और भौगोलिक स्थिति से भली-भांति वाकिफ हैं। डॉ. चौबे ने बताया कि वे इससे पहले साल 2010 से 2012 तक (लगभग 2 साल 2 महीने) बुधनी में एसडीओपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पूर्व में इस क्षेत्र में काम करने के लंबे अनुभव का लाभ अब उन्हें पूरे जिले की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मिलेगा।
अभिनय के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
सीहोर में पदभार संभालने से ठीक पहले डॉ. चौबे का प्रेरणादायी रूप सोशल मीडिया पर जमकर तारीफें बटोर रहा है। विदिशा में पदस्थापना के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत उन्होंने एक शॉर्ट वीडियो में मुख्य भूमिका निभाई। एक पेशेवर अभिनेता की तरह डॉ. चौबे ने खुद नशेलची (नशे के आदी व्यक्ति) का जीवंत किरदार निभाया। वीडियो में उन्होंने दिखाया कि कैसे नशे की केवल एक पुडिय़ा या लत किसी हंसते-खेलते परिवार, स्वास्थ्य, सामाजिक प्रतिष्ठा और सुनहरे भविष्य को तबाह कर देती है। खाकी वर्दी की गरिमा के साथ सामाजिक सरोकार के लिए खुद कैमरे के सामने आने की इस पहल को लोग खूब शेयर और पसंद कर रहे हैं।
अपराध नियंत्रण और संवेदनशीलता रहेगी प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद नवागत एएसपी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पुलिसिंग को सुगम व संवेदनशील बनाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। जिले में उनका वीडियो वायरल होने के बाद लोगोंका का कहना है कि डॉ. चौबे की इस खास सोच से जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान को एक नई दिशा और रफ्तार मिलेगी।
जानिए कौन हैं नवागत एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे
बता दें डॉ. प्रशांत चौबे का जन्म 19 अप्रैल 1976 को सागर जिले में हुआ। उन्होंने डॉ. हरीसिंह गौर यूनिवर्सिटी सागर से अध्ययन किया और मास मीडिया एंड लिटरेचर विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वे वर्ष 2002 में राज्य पुलिस सेवा में आए। अपने करियर में वे नरसिंहपुर, इंदौर, बुधनी और विदिशा में विभिन्न पदों पर पदस्थ रहे हैं।

Exit mobile version