Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

ब्राह्मण धर्मशाला में आज गूंजेंगी शहनाइयां, धूमधाम से रचाया जाएगा श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह

सीहोर। शहर के खजांची लाइन स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में आज शनिवार का दिन बेहद खास और उत्सवमयी होने जा रहा है। कथा के छठे दिन आज भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी का मंगल विवाह उत्सव अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन प्रसंग पर भगवान के विवाह की आकर्षक और सजीव झांकी सजाई जाएगीए जिसमें श्रद्धालु बाराती बनकर झूमते नजर आएंगे।
सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल की अध्यक्ष नीलम शर्मा ने बताया कि आज शनिवार को होने वाले इस दिव्य विवाह उत्सव को लेकर महिलाओं और यजमान परिवार में भारी उत्साह है। विवाह की रस्मों के बाद कल रविवार को भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा के दिव्य चरित्र का वर्णन किया जाएगा, जिसके साथ ही पूर्णाहूति और विशाल महाप्रसादी वितरण के साथ इस ज्ञान यज्ञ का समापन होगा।
श्रीकृष्ण ने तोड़ा था इंद्र का घमंड
इससे पहले कथा के पांचवें दिन भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और सामूहिक रूप से भव्य गोवर्धन पूजा की गई। कथा व्यास पंडित रविशंकर तिवारी ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गिरिराज पूजन और छप्पन भोग का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि जब ब्रजवासियों ने इंद्र की पूजा छोडक़र गिरिराज जी की पूजा शुरू की तो कुपित होकर इंद्र ने ब्रज पर मूसलाधार बारिश कर दी थी। तब भगवान कृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली सबसे छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर पूरे ब्रज की रक्षा की और इंद्र का घमंड चूर किया। यह प्रसंग सिखाता है कि जब हम परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पित होते हैं तो हमारी सुरक्षा की जिम्मेदारी भगवान स्वयं ले लेते हैं।
युवाओं को सीख, रामायण-भागवत पढ़ें
पंडित तिवारी ने पूतना चरित्र का वर्णन करते हुए पंडाल में मौजूद सभी श्रद्धालुओं को गौ माता की सेवा करने, नियमित गायत्री जप और गीता पाठ करने का संकल्प दिलाया। आजकल के परिवेश पर चिंता जताते हुए उन्होंने युवा पीढ़ी को सीख दी कि आज के युवा अपने धर्म और भगवान से दूर हो रहे हैं। यदि वास्तविक धर्म को जानना है तो पहले गीताए भागवत और रामायण पढ़ो। इससे न सिर्फ वर्तमान पीढ़ी, बल्कि आपकी आने वाली पीढिय़ां भी संस्कारी और नीतिवान बनेंगी।
कथा पंडाल में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
इस धार्मिक आयोजन में रोजाना श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान अग्रवाल महिला मंडल, भावसार महिला मंडल, सांवरिया सेवा समिति सहित मुख्य यजमान जितेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, वरुण शर्मा, राजेश शर्मा, तनिष्क त्यागी, मनोहर शर्मा, विनोद, सुनील पाराशर और रजत व्यास सहित सर्व ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोग और मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button