Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भोपाल-इंदौर हाईवे पर दो भीषण हादसों में 3 की मौत, मातम में बदला मंगलवार

सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर मंगलवार का दिन हादसों के नाम रहा। आष्टा क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों ने तीन जिंदगियां छीन लीं। रात में जहां एक भीषण टक्कर ने दो दोस्तों को मौत की नींद सुला दिया, वहीं सुबह गाय को बचाने के चक्कर में एक यात्री बस पेड़ से जा टकराई, जिसमें बस के हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही दिन में हुई इन तीन मौतों से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
बाइक के उड़े परखच्चे, दो युवकों की मौके पर मौत
मंगलवार रात करीब 8.30 बजे मानाखेड़ी जोड़ के पास एक तेज रफ्तार ईको गाड़ी और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उस पर सवार निखिल वर्मा व आयुष धनगर की मौके पर ही सांसें थम गईं।
इस हादसे दीपक प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर मलबे के कारण लंबा जाम लग गया। आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई बस
इससे पहले मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पार्वती थाना क्षेत्र के कचनारिया जोड़ के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ। अहमदाबाद से भोपाल जा रही वर्मा ट्रेवल्स की निजी बस के सामने अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के फेर में चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे बस का टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर सीधे किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी।
केबिन काटकर निकाला शव
इस टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। केबिन में फंसे हेल्पर सुनील मुकाती निवासी पोलाई कला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को कटर की मदद से केबिन काटकर शव बाहर निकालना पड़ा।
30 यात्री बाल-बाल बचे
गनीमत रही कि बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं। चालक रामचंद्र पटेल ने बताया कि पलक झपकते ही सब कुछ हो गया और उस वक्त सामने साक्षात मौत दिखाई दे रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button