Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर धाम पहाड़ी पर बुजुर्ग श्रद्धालु पर जानवर का हमला, अध खिला शव मिला

सीहोर। सुप्रसिद्ध मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में आज गुरुवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। मंदिर के रास्ते में दण्डवत यात्रा कर दर्शन करने जा रहे एक बुजुर्ग बाबा को जंगली जानवर बाघ, तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और डर का माहौल है।
जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग बाबा जो मां विजयासन के परम भक्त थे, प्रतिदिन सुबह 4 बजे दण्डवत करते हुए माता के दरबार में हाजिरी लगाने जाते थे। आज सुबह भी वे अपनी श्रद्धा के अनुसार मंदिर की ओर बढ़ रहे थे, तभी नागिन जोड़ के पास घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
सुबह मिला क्षत विक्षत शव
सुबह जब अन्य लोगों का वहां से गुजरना हुआ, तब नागिन जोड़ के पास बाबा का शव बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जंगली जानवर ने बाबा के शरीर को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
व्यापारियों की चेतावनी को किया गया नजरअंदाज
स्थानीय दुकानदारों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और दुख है। व्यापारियों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार जंगली जानवरों की आहट की सूचना दे रहे थे। दुकानदारों ने बताया कि पानी की तलाश में तेंदुए अक्सर शाम के समय मुख्य मार्ग और पानी चपदम के पास देखे जा रहे हैं।
प्रशासन और व्यापारियों की अपील
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने एक-दूसरे से और श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। व्यापारियों ने निवेदन किया है कि रात के समय कोई भी दुकानदार या श्रद्धालु अकेला न निकले। शाम होते ही अपनी दुकानों को मंगल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं। जब तक वन विभाग जानवर को पकड़ नहीं लेता, तब तक सुनसान रास्तों पर जाने से बचें।
वन विभाग को दी गई सूचना
क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग से पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की गई है ताकि भविष्य में ऐसी किसी जनहानि को रोका जा सके।

इनका कहना है
सलकनपुर में एक श्रद्धालु पर किसी जानवर द्वारा हमला किया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए किस जानवर द्वारा हमला किया गया है ये स्थिति साफ नहीं हुई है। पहाड़ी क्षेत्र पर तेंदुए का भी मूवमेंट है, इसलिए ये संभावनाएं भी हैं कि तेंदुए ने हमला किया हो। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसके बाद मुआवजे की प्रक्रिया भी करेंगे। मंदिर समिति से चर्चा के बाद फेंसिंग का प्रस्ताव भी बनाएंगे।
– श्रेयांश उपाध्याय, वन परिक्षेत्र अधिकारी, रेहटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button