
सीहोर। आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर मेना गोदी गांव के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो गाड़ी के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार राजगढ़ जिले के भियापुर गांव के 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे, जो अपने परिवार के एक मानसिक रूप से विक्षिप्त सदस्य का इलाज कराने जा रहे थे। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में सवार सभी लोग राजगढ़ जिले के भियापुर गांव के रहने वाले थे। वे परिवार के ही एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का इलाज कराने के लिए जा रहे थे। बोलेरो में 9 लोग सवार थे, जिनमें इनमें राजाराम सुंदर (45 वर्ष), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (38), बनेसिंह (22), गुलाबचंद (30), हेमराज (25) देवीराम (60) और अमरसिंह (45) शामिल हैं। बताया जा रहा हे बोलेरो अमरसिंह चला रहे थे। इनका वाहन आष्टा-पचोर-शुजालपुर मार्ग पर मेना गोदी गांव पहुंचा था, तभी हादसे का शिकार हो गया।
चीख-पुकार मचते ही दौड़े ग्रामीण
दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई। आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और 108 एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बोलेरो की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसमें फंसे शवों और घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
मदद के लिए पहुंची टीम
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए राजाराम, हेमराज और इन्दर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



