Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

वीआईटी में टाइफाइड का अटैक, 28 छात्र हुए संक्रमित, प्रथम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित

सीहोर। कोठरी स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड और बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मीडिया रिपोट्र्स और मेडिकल बुलेटिन के अनुसार बुधवार को संस्थान के 5 और छात्रों की टाइफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी में टाइफाइड संक्रमित कुल छात्रों का आधिकारिक आंकड़ा बढक़र 28 हो गया है।
यूनिवर्सिटी परिसर में बीमारी का असर इस कदर है कि अकेले बुधवार को ही 20 छात्र तेज बुखार की शिकायत लेकर चिरायु मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका के अनुसार पिछले 11 दिनों के भीतर लगभग 270 छात्र बुखार की समस्या के चलते ओपीडी में इलाज कराने पहुंच चुके हैं। डॉ. गोयनका के मुताबिक जिन छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, उन्हें टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत विशेष उपचार दिया जा रहा है। अन्य छात्रों को प्राथमिक उपचार और दवाएं देकर निगरानी में रखा गया है।
दबाव में प्रबंधन, टाली गई परीक्षाएं
लगातार बढ़ते मामलों और छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ते असर को देखते हुए वीआईटी प्रबंधन ने बड़ा निर्णय लिया है। बढ़ती गर्मी और संक्रमण की स्थिति को भांपते हुए प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं। संस्थान का कहना है कि यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि बीमार छात्रों पर पढ़ाई और परीक्षा का अतिरिक्त मानसिक दबाव न पड़े।
मौसमी बीमारियों का असर
एक तरफ जहां टाइफाइड के आंकड़े बढ़ रहे हैं, वहीं संस्थान प्रबंधन इसे मौसमी बीमारियों का असर बता रहा है। प्रबंधन के अनुसार पिछले 10 दिनों में जिन 8 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वे अब पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन का दावा है कि परिसर में साफ सफाई और खान-पान की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button