Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम पहुंचे यूपी के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे, पंडित प्रदीप मिश्रा से लिया आशीर्वाद

सीहोर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे बुधवार सुबह धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। यहां उन्होंने कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने भगवान शिव का विधि विधान से पूजन अर्चन कर देश और प्रदेश की सुख, समृद्धि तथा शांति की कामना की। उन्होंने पंडित मिश्रा के साथ कथा स्थल और धाम में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई भव्य भोजनशाला का भ्रमण भी किया और व्यवस्थाओं को सराहा।
कुबेरेश्वरधाम की महिमा का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने कहा कुबेरेश्वरधाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है। यहां से दिया जा रहा धर्म, सेवा और संस्कार का संदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि धाम के संस्थापक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने सरल, सहज और प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से करोड़ों लोगों को सनातन धर्म की मूल भावना से जोड़ा है। उनके संदेशों ने समाज में धर्मए संस्कारए सेवा और सद्भाव की भावना को काफी मजबूत किया है।
नई पीढ़ी तक आध्यात्मिक मूल्य पहुंचाना आज की जरूरत
कैबिनेट मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि धर्म हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति है। सनातन संस्कृति केवल एक पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक श्रेष्ठ मार्ग है, जो पूरे विश्व को प्रेम, शांति और मानवता का संदेश देती है। आज के समय में यह बेहद आवश्यक है कि हम अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक जरूर पहुंचाएं।
मानवता की सेवा ही धर्म का मूल उद्देश्य
इस अवसर पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज ने कहा कि सनातन धर्म का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज में आपसी सद्भाव स्थापित करना है। उन्होंने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धर्म, सेवा और संस्कारों को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button