मर्डर का 6 साल से फरार इनामी बदमाश देवास से गिरफ्तार

सीहोर। थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस ने पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी और मर्डर के सजायाफ्ता आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2021 में पेरोल पर जेल से बाहर आने के बाद से लगातार फरार था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में लडक़ी छेडऩे की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने एक राय होकर फरियादी के बड़े पापा बलराम पिता लालजी राम खाती उम्र 60 वर्ष निवासी धामनखेड़ा के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की विवेचना कर चालान 01 दिसंबर 2010 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था। इस हत्याकांड के मामले में सुनवाई करते हुए द्वितीय अतिरिक्त जिला न्यायाधीश द्वारा 03 सितंबर 2011 को दंडादेश पारित किया गया था, जिसमें आरोपियों को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया गया था। इस मामले का मुख्य अभियुक्त कल्लू उर्फ कालू भिलाला जेल में अपनी सजा काट रहा था, लेकिन वर्ष 2021 में वह पेरोल पर बाहर आया और उसके बाद वापस जेल नहीं लौटा। पिछले 6 सालों से वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी रणनीति
फरार वारंटी की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना द्वारा कड़े निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
देवास के जंगलों से घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उच्च न्यायालय जबलपुर का वारंटी और थाना कोतवाली के अपराध में सजायाफ्ता अभियुक्त कल्लू उर्फ कालू भिलाला पिता मांगीलाल भिलाला उम्र 52 वर्ष निवासी ग्राम धामनखेड़ा अपनी पहचान छुपाकर देवास जिले में रह रहा है। कोतवाली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अथक प्रयासों और सटीक घेराबंदी के बाद आरोपी को ग्राम बिजबाड़ थाना कांटाफोड़ जिला देवास से धर दबोचा। पुलिस टीम उसे लेकर सीहोर आई, जहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

Exit mobile version