सूदखोरों से तंग आकर युवक ने की थी आत्महत्या, एक हफ्ते बाद भी एफआईआर न होने पर भडक़े ग्रामीण, रेहटी थाने का किया घेराव

सीहोर। जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठरा पिपलिया में सूदखोरों की प्रताडऩा से तंग आकर आत्महत्या करने वाले युवक का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज न किए जाने से परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को मृतक के परिजनों के साथ करीब 200 ग्रामीणों ने रेहटी थाने पहुंचकर घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोठरा पिपलिया निवासी सुमेर उर्फ पप्पू पंवार ने पिछले सप्ताह संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली थी। कदम उठाने से पहले मृतक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस वीडियो में सुमेर ने रो रोकर अपनी व्यथा बताई थी और कुछ स्थानीय सूदखोरों पर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने तथा पैसों के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए थे।
पुलिस की ढिलाई से ग्रामीणों में आक्रोश
परिजन का आरोप है कि घटना को पूरा एक हफ्ता बीत चुका है, लेकिन रेहटी पुलिस इस मामले में लगातार हीला हवाली कर रही है। पुलिस ने न तो अभी तक सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए हैं और न ही वायरल वीडियो के आधार पर नामजद एफआईआर दर्ज की है। परिजनों का कहना है कि जब तक सूदखोरों पर कानूनी शिकंजा नहीं कसा जाएगा, तब तक मृतक को न्याय नहीं मिलेगा।
निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग
थाने का घेराव करने पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version