Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

रेत माफियाओं की मनमानी के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, प्रशासन को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम

कलेक्ट्रेट का घेराव कर सौंपा ज्ञापन, भेरुंदा मारपीट मामले में मुख्य आरोपियों पर एफआईआर की मांग

सीहोर। जिले में रेत माफियाओं की बढ़ती मनमानी, गुंडागर्दी और अवैध उत्खनन के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में मुख्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर नर्मदा घाटों पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिले में रेत कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब रिहायशी इलाकों में घुसकर आम नागरिकों और युवाओं से मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने भेरुंदा नगर की शास्त्री कॉलोनी में हुई घटना का हवाला देते हुए कहा कि यूफोरिया माइंस एंड मिनरल्स कंपनी से जुड़े राहुल रघुवंशी और उसके साथियों ने स्थानीय युवक दीपक शर्मा और विशाल पवार के साथ मारपीट की।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
युवा कांग्रेस ने पुलिस की अब तक की प्रारंभिक कार्रवाई का स्वागत तो किया, लेकिन यह भी कहा कि केवल निचले स्तर के लोगों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि इस पूरे मामले में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों और मुख्य रेत माफिया विनोद अन्ना के खिलाफ भी तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए। देवेंद्र ठाकुर ने देवास जिले के खातेगांव में शराब माफियाओं से जुड़ी घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि सीहोर में भी समय रहते रेत माफियाओं पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है।
रॉयल्टी में फर्जीवाड़े का मुद्दा उठाया
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए बताया कि नर्मदा नदी के कई ऐसे घाट हैं, जो कंपनी को स्वीकृत नहीं हैं, फिर भी वहां से लगातार अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। रेत के डंपर और गाडय़िां सीहोर के भेरुंदा क्षेत्र से भरी जा रही हैं, जबकि उनकी रॉयल्टी नर्मदापुरम के नाम से काटी जा रही है।
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
युवा कांग्रेस ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर इन सभी बिंदुओं पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कार्यकर्ता सभी नर्मदा घाटों पर जाकर धरना देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया, दीपक, कान्हा पटेल, हंसराज, राहुल, युवराज, अभिजीत, सारांश, राकेश, कृष्णपाल, अंकित, आर्यन, आयुष, कृतिमान सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button