राज्य

आकार ले रहा कुलगांव का गांधी ग्राम

कांकेर
विकासखण्ड कांकेर ग्राम कुलगांव में गांधी ग्राम की स्थापना की जा रही है, जो अब आकार लेने लगा है। यहॉ पर लघु वनोपज आधारित विभिन्न गतिविधियों का आवासीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। महिला स्व-सहायता समूहों को भी यहां पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे। संसदीय सचिव एवं कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी और कलेक्टर चन्दन कुमार ने अधिकारियों के साथ बुधवार को गांधीग्राम कुलगांव का निरीक्षण कर वहां पर कराये जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया एवं अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिये।

गांधीग्राम कुलगांव में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, दस-दस बेड का दो नग डारमेंट्री, चार बेड का 10 नग रेसीडेंसियल रूम, जिसमें से 06 नग का निर्माण पूरा हो चुका है, 20 नग दो बेडेड रेसीडेंसियल रूम, किचन हॉल, महिला स्व-सहायता समूह के कार्यशाला के लिए शेड का निर्माण, चबूतरा निर्माण, प्रशिक्षण कक्ष का निर्माण किया गया है। यहां पर भूमिगत सिंचाई पाईपलाइन बिछाई गई है, अलंकृत उद्यान तैयार किया जा  रहा है, साथ ही मशरूम उत्पादन एवं स्पॉन उत्पादन यूनिट का कार्य भी प्रगतिरत है। गांधी ग्राम में कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा मछली आहार निर्माण इकाई स्थापित की गई है, जिसका संचालन महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। तालाब में मछली पालन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रमुख रूप से कतला, रोहू, मृगल इत्यादि मछली के बीज डाले गये हैं। गौठान में बकरी पालन शेड, मुर्गी पालन एवं बटेर पालन शेड बनाया गया है। गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाने के लिए टांका का निर्माण किया गया है।

संसदीय सचिव शोरी एवं कलेक्टर चन्दन कुमार ने मछली पालन का अवलोकन करते हुए तालाब के किनारे छोटा सा डबरी निर्माण कराने के लिए भी पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अधिकारियों को निर्देशित किया, साथ ही बकरी पालन शेड में मचान बनाने के निर्देश भी दिये। संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी एवं कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज ग्राम बेवरती के गौठान का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस गौठान में मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, बटेर पालन, बतख पालन, खरगोश पालन का कार्य किया जा रहा है। गोबर से गो-काष्ट बनाये जा रहे हैं। गौठान में मिनी राईस भी स्थापित की गई है, जिसके संचालन की जिम्मेदारी जिमीदारीन महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों को सौंपा गया है। गौठान के पास ही 02 एकड़ जमीन में जय बूढ़ी मॉ एवं महानदी महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों द्वारा सब्जी उत्पादन का कार्य किया जा रहा है जिसकी तारीफ संसदीय सचिव शोरी एवं कलेक्टर द्वारा की गई। कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के तकनीकी मार्गदर्शन में महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा यहां पर टमाटर, मटर, चना, बैंगन, धनिया, मूली, आलू इत्यादि सब्जी की खेती किया जा रहा है, अब तक 07 हजार रुपए का मूली विक्रय करने की जानकारी समूह के सदस्यों द्वारा दी गई। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीणजन तथा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button