Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

सीहोर। भैरूंदा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हाथीघाट में पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 29 जुलाई की देर रात करीब 12.30 बजे की है। फरियादी सुनील धनवारे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां लक्ष्मी बाई और बहन सविता के साथ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान उसके पिता चम्पालाल धनवारे आए और शाम को हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब सुनील ने गाली देने से मना किया तो आरोपी पिता ने हाथ में ली कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने पैर में चोट आई।
मां-बेटे को आई गंभीर चोटें
चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई पत्नी लक्ष्मी बाई पर भी आरोपी चम्पालाल ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीडि़त परिवार ने अपने रिश्तेदारों को सूचना दी, जिन्होंने गाड़ी का इंतजाम कर घायलों को पहले सरकारी अस्पताल और फिर गंभीर हालत को देखते हुए नर्मदा अस्पताल भैरूंदा में भर्ती कराया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मजरूबा लक्ष्मी बाई की मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद प्रकरण की धाराओं में इजाफा किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चम्पालाल धनवारे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल नसरुल्लागंज भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button