जन्मदिन पर जेन-जी को साधेंगे राजीव…

सीहोर। जन्मदिन सिर्फ खुशियां मनाने या औपचारिकताओं तक सीमित रहने का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का एक जरिया भी बन सकता है। इसी सकारात्मक सोच के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के जन्मदिन को इस बार बेहद खास और अनूठे अंदाज में मनाने का संकल्प लिया गया है। इस बार उनका जन्मदिन ढोल-धमाकों, आतिशबाजी और दिखावे से दूर रहकर सेवा संकल्प के रूप में मनाया जाएगा, जिसका सीधा उद्देश्य जेन-जी यानी नई पीढ़ी और जरूरतमंद बच्चों से जुडऩा है।
इस सेवा संकल्प के तहत एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशाल अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत क्षेत्र के लगभग 3000 जरूरतमंद स्कूली छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री भेंट की जाएगी। इस पहल के जरिए प्रयास किया जा रहा है कि संसाधनों के अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई न रुके और उनके चेहरे पर एक सच्ची मुस्कान आ सके।
उत्सव नहीं, सेवा का अवसर है जन्मदिन
अपनी इस पहल पर विचार साझा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि जन्मदिन की असली खुशी और सार्थकता तभी है जब वह किसी जरूरतमंद के काम आ सके। उन्होंने कहा जब हमारा छोटा सा प्रयास किसी बच्चे की शिक्षा के सफर में संबल बनता है और उसके चेहरे पर खुशी लाता है तो वही सबसे बड़ा उपहार होता है। हमारा लक्ष्य जन्मदिन को किसी आडंबर या उत्सव की जगह समाजसेवा का माध्यम बनाना है।



