Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

3 सितंबर को सीहोर आएंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, बढिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र को मिल सकती है बड़ी सौगात, तैयारियां तेज

सीहोर। सीहोर शहर के औद्योगिक विकास का पहिया एक बार फिर तेजी से घूमने की उम्मीद जाग उठी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 3 सितंबर को सीहोर आ रहे हैं। वे यहां के बढिय़ाखेड़ी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री इस दौरान सीहोर के उद्योग क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात या निवेश योजना की घोषणा कर सकते हैं।
बता दें एक दौर था जब सीहोर अपनी शुगर मिल और सॉल्वेंट प्लांट जैसे बड़े उद्योगों के लिए जाना जाता था, लेकिन इन प्रमुख इकाइयों के बंद होने के बाद जिले का औद्योगिक विकास काफी पिछड़ गया था, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा। अब बढिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र के बनने से विकास की एक नई उम्मीद जगी है।
3 सितंबर पर टिकीं निगाहें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सीहोर से गहरा जुड़ाव रहा है। बढय़िाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में उनका कार्यक्रम तय होते ही स्थानीय व्यापारियों, रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी यह साफ नहीं है कि सीएम किस विशेष परियोजना का ऐलान करेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि यह दौरा सीहोर के औद्योगिक नक्शे को बदलने वाला साबित हो सकता है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
सीएम के आगमन को देखते हुए शनिवार को कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने बढिय़ाखेड़ी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी आवागमन और आम नागरिकों के लिए पार्किंग व अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एएसपी प्रशांत चौबे और एसडीएम तन्मय वर्मा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं और आने वाले नागरिकों की सुविधा व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button