Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

एएसपी डॉ. चौबे बोले- मेजर ध्यानचंद की गेंद पर नियंत्रण और गोल करने की कला आज भी हर खिलाड़ी के लिए आदर्श

सीहोर। हॉकी के जादूगर के नाम से दुनिया भर में भारत का परचम लहराने वाले महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर सीहोर में राष्ट्रीय खेल दिवस अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। सीहोर हॉकी संघ और मास्टर गेम एसोसिएशन हॉकी फीडर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेजर ध्यानचंद की खेल भावना को याद करना और स्थानीय युवा खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने युवा खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए मेजर ध्यानचंद जी की अद्भुत खेल प्रतिभाए कड़े अनुशासन और देश के लिए दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा मेजर ध्यानचंद जी की मैदान पर गेंद पर नियंत्रण की क्षमता और गोल करने की कला आज भी दुनिया के हर खिलाड़ी के लिए एक महान आदर्श है। डॉ. चौबे ने खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए कई व्यावहारिक और उपयोगी टिप्स दिए। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढऩे का मूलमंत्र दिया।
अन्य अतिथियों ने भी दिया मार्गदर्शन
समारोह में होमगार्ड से महेंद्र वर्मा और कंपनी कमांडेंट श्री चंदेरिया ने भी खिलाडिय़ों को संबोधित किया। उन्होंने खिलाडिय़ों को हॉकी के जादूगर ध्यानचंद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का संदेश दिया।
खिलाडिय़ों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण व नमन के साथ हुआ। इसके बाद सीहोर हॉकी संघ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उभरते खिलाडिय़ों को अतिथियों के कर-कमलों से स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, खेल अधिकारी रूबिका दिवान, मास्टर गेम एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. अनीस खान, राजाराम बड़े भाई, पूर्व पार्षद शमीम अहमद, कोच अफशा अहमद, रसूल सिद्दीकी, युवा समन्वयक प्रमोद सिंह उईके और आमीर खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कोच आर.ए. सिद्दीकी ने सभी अतिथियों, आयोजकों और खिलाडिय़ों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button