नदी किनारे चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने दबिश देकर पकड़े सात जुआरी

सीहोर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घाटपलासी रोड पर पारवा नदी के किनारे छुपकर हार-जीत का दांव लगा रहे 7 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और 11 हजार 300 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी सीहोर पीएन गोयल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना श्यामपुर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ लोग घाटपलासी रोड पर पारवा नदी के किनारे सुनसान इलाके में ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एक विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके के लिए रवाना की। पुलिस बल ने बिना देर किए बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की, जिससे जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिला और सभी 7 लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पकड़े गए आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में प्रेम मराठी उम्र 19 वर्ष, निवासी गंज सीहोर, राजकुमार राठौर उम्र 34 वर्ष, निवासी दुर्गा कॉलोनी सीहोर, मनोज जोशी उम्र 24 वर्ष, निवासी शिवाजी कॉलोनी सीहोर, सुमित धनगर उम्र 29 वर्ष, निवासी श्यामपुर, रवि धनगर उम्र 29 वर्ष, निवासी श्यामपुर, अभिषेक प्रजापति उम्र 22 वर्ष, निवासी श्यामपुर और देवेन्द्र उम्र 28 वर्ष, निवासी सुदामा नगर सीहोर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 11 हजार 300 रुपये नकद जब्त किए हैं।



