
सीहोर। जिले के प्रसिद्ध मां विजयासन धाम सलकनपुर में मंदिर समिति द्वारा अवैध चंदा वसूली को लेकर लिखे गए पत्र के बाद मामला सुर्खियों में है। मंदिर समिति अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने पत्र में कहा है कि सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट द्वारा सभी श्रद्धालुओं को सूचित किया जाता है कि कुछ लोग आसपास के क्षेत्रों में वाहनों से घूम-घूमकर सलकनपुर वाली माताजी एवं भंडारा कराने के नाम पर अन्नदान एवं दानराशि की नकली रसीदें देकर वसूली कर रहे हैं। इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
2013 से लगातार चल रहा भंडारा-
ये बोले संचालक और समिति अध्यक्ष-
इस मामले में मां अन्नपूर्णा सेवा समिति के संचालक राजेश चंद्रवंशी का कहना है कि हमारा सलकनपुर मंदिर समिति से कोई लेना-देना नहीं है। हम मंदिर समिति के नाम से कोई सहयोग नहीं लेते हैं। हमारे द्वारा सहयोग भंडारे के नाम से ही लिया जाता है। इसमें जिसको देना है वह सहयोग देता है कोई जबरदस्ती नहीं की जाती है। भंडारा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चलता है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने बताया कि हमने सिर्फ मंदिर समिति की ओर से पत्र जारी किया है। हमने किसी भी समिति या संस्था के उपर आरोप नहीं लगाए हैं। मंदिर के नाम से अवैध चंदा वसूली की शिकायत पुलिस को भी की गई है। किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं सलकनपुर व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनिरूद्ध दुबे ने कहा कि मां अन्नपूर्णा सेवा समिति 2013 से भंडारा चला रही है। यहां पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त भोजन करते हैं। मेला एवं नवरात्रि के दौरान तो यहां पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु भोजन करते हैं। ऐसे में मंदिर समिति द्वारा लिखा गया पत्र आपत्तिजनक है। यदि मां अन्नपूर्णा सेवा समिति एक अच्छा काम कर रही है तो इसमें मंदिर समिति को भी सहयोग करना चाहिए, लेकिन वे ही इस पर आपत्ति जता रहे हैं।