आंवलीघाट से टपकेश्वर महादेव के लिए निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
श्री हरि सामाजिक समिति रेहटी 8वें वर्ष करा रही आयोजन

सीहोर। पवित्र सावन मास के पावन अवसर पर जिले में चारों ओर शिवभक्ति की बयार बह रही है और भव्य कांवड़ यात्राओं का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में श्री हरि सामाजिक समिति रेहटी के तत्वावधान में आगामी 17 अगस्त सोमवार को आंवलीघाट से टपकेश्वर महादेव मंदिर तक विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजक चेतन पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री हरि सामाजिक समिति द्वारा इस वर्ष भव्य कांवड़ यात्रा का यह लगातार 8वां वर्ष है। कांवड़ यात्रा 17 अगस्त को सुबह 08.00 बजे नर्मदा तट स्थित आंवलीघाट से विधिवत पूजन-अर्चन और नर्मदा जल भरकर टपकेश्वर महादेव के लिए प्रस्थान करेगी। इस यात्रा में हजारों की संख्या में कांवडि़ए और शिवभक्त शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए पैदल प्रस्थान करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
पूरे जिले में जारी है कांवड़ यात्राओं का दौर
बता दें सावन महीने के दौरान जिले भर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। जिला मुख्यालय से लेकर अंचल तक में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
कुबेरेश्वर धाम के लिए भी उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
विशेष रूप से कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु सीहोर पहुंच रहे हैं। देश के कोने-कोने से आने वाले भक्त जिला मुख्यालय स्थित पवित्र सीवन नदी से कांवड़ में जल भरकर 11 किलोमीटर का पैदल सफर तय करते हुए कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। इधर 17 अगस्त को रेहटी में निकलने वाली इस 8वीं भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।



